Indian Navy: अरब सागर में अगवा हुआ मालवाहक जहाज, भारतीय नौसेना ने कराया आजाद
अरब सागर में एक मालवाहक जहाज एमवी रुएन को भारतीय नौसेना ने समुद्री पाइरेट्स (डकैत) के चंगुल से आजाद करा लिया है। अब नौसेना का एक विमान जहाज के ऊपर से लगातार उसकी गतिविधि पर नजर रख रहा है। जहाज सोमालिया के तट की ओर बढ़ रहा है।
बढ़ती स्थिति पर तेजी से प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा कि भारतीय नौसेना ने अपने नौसैनिक समुद्री गश्ती विमानों को क्षेत्र में निगरानी करने और एंटी पाइरेसी पर अपने युद्धपोत को डायवर्ट कर दिया। साथ ही अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती रोधी गश्त पर उसके युद्धपोत को जहाज पता लगाने के लिए तैनात किया गया।

दरअसल, बीते दिन यानी 15 दिसंबर की सुबह 18 चालक दल के सदस्यों के साथ माल्टा-ध्वज वाले जहाज को अगवा कर लिया गया था। भारतीय नौसेना ने शनिवार को कहा कि उसने अरब सागर की समुद्री घटना पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) के मुताबिक, क्षेत्र में अन्य एजेंसियों/एमएनएफ के समन्वय से समग्र स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। माल्टा में ध्वजांकित जहाज एमवी रुएन को शुक्रवार शाम को सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा अरब सागर में हाईजैक (अगवा) कर लिया गया था। एमवी रुएन को शनिवार को भारतीय नौसेना के युद्धपोतों और समुद्री गश्ती विमानों ने तुरंत बचा लिया। जैसे ही अलर्ट मिला, भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने एमवी रुएन का पता लगाने और उसकी सहायता करने के लिए अपने समुद्री एंटी पाइरेसी पेट्रोलिंग दस्ते को हटा दिया।
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारतीय नौसेना एमपीए ने 15 दिसंबर की सुबह एमवी रुएन के ऊपर से उड़ान भरी। जहाज की निगरानी जारी है, जो अब सोमालिया के तट की ओर बढ़ रहा है। एंटी पाइरेसी गश्त पर आईएन युद्धपोत ने 16 दिसंबर की सुबह एमवी रुएन को रोका। स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications