जुबैर की गिरफ्तारी: जर्मनी को भारत ने दिया जवाब, कहा- हमारे आंतरिक मामलों में ना करें बयानबाजी
नई दिल्ली, 7 जुलाई: धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर को गिरफ्तार किया था। हाल ही में जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने जुबैर को लेकर एक बयान दिया, जिससे भारत में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गईं। अब भारतीय विदेश मंत्रालय ने जर्मनी के बयान पर पलटवार किया है। साथ ही उसे हिदायत दी कि वो भारत के अंदरूनी मामलों को लेकर बयानबाजी ना करे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि मोहम्मद जुबैर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है। ये मामला भारतीय कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में इस मामले में जर्मनी की टिप्पणी उचित नहीं है। हमारी न्यायपालिका की स्वतंत्रता अच्छी तरह से मान्यता प्राप्त है। ऐसे में ये बेबुनियाद टिप्पणियां अनुपयोगी हैं। साथ ही इससे सभी को बचना चाहिए।
क्या कहा था जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने?
जर्मन विदेश मंत्रालय के एक प्रतिनिधि ने जुबैर के मुद्दे पर कहा था कि भारत खुद को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बताता है। ऐसे में सभी उम्मीद करते हैं कि अभिव्यक्ति की आजदी और प्रेस की स्वतंत्रता जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों को वहां आवश्यक स्थान दिया जाएगा।
ब्रिटिश की राजनीति पर कही ये बात
वहीं यूके के पीएम बोरिस जॉनसन ने इस्तीफा दे दिया। इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ये उनका आंतरिक मामला है। हम उस पर नजर बनाए हुए हैं। पीएम मोदी और बोरिस जॉनसन के रिश्ते बहुत अच्छे थे। उम्मीद है अगले पीएम के साथ ये रिश्ते और ज्यादा मजबूत होंगे।
वीवो पर कही ये बात
बागची ने वीवो के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पर कहा कि भारत में काम करने वाली कंपनियों को देश के कानून का पालन करने की जरूरत है। ईडी के अधिकारी नियमानुसार कार्रवाई कर रहे हैं, वो इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications