मोबाइल फोन प्रयोग करने से रोकने पर जवान ने मेजर की गोली मारकर की हत्या
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में तैनात जवान ने एक मेजर की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस मेजर ने जवान को ड्यूटी के समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने को कहा था। जवान ने मेजर को पांच गोलियां मारी है और इस वजह से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

ज्यादा जानकारी का इंतजार
इस मेजर का नाम मेजर शिखर थापा है और वह सेना की 71वीं आर्म्ड रेजीमेंट के साथ हैं लेकिन फिलहाल वह 8 राष्ट्रीय राइफल से जुड़े हैं जो इस समय कश्मीर में काउंटर-इनसर्जेंसी अभियान में शामिल है। यह यूनिट उरी में तैनात है और यह जगह एलओसी से काफी करीब है। आर्मी ऑफिसर्स ने इस हत्या की पुष्टि की है और कहा है कि इस बारे में ज्यादा जानकारियां इकट्ठा की जा रही हैं।
मोबाइल फोन बना मौत की वजह
बताया जा रहा है कि मेजर थापा ने जवान को खींचकर उसे कहा कि वह उसकी शिकायत कमांडिंग ऑफिसर से कर देंगे क्योंकि वह ड्यूटी पर मोबाइल फोन का प्रयोग कर रहा है। मेजर थापा ने जवान से कहा कि इतने संवेदनशील इलाके में मोबाइल फोन का प्रयोग सही नहीं हैं। जवान का फोन जब्त करने के चक्कर में टूट गया। इसके बाद दोनों में बहस हुई जिस पर जवान ने अपनी एके-47 राइफल से मेजर थापा को गोली मार दी। माना जा रहा है कि सेना इस मामले में आज बयान जारी कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications