Indian Army चीफ जनरल नरवाणे ने लिया नॉर्थ ईस्ट की स्थिति का जायजा
दीमापुर। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाणे सेना की ईस्टर्न कमांड के तहत आने वाले कई क्षेत्रों की अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने नॉर्थ ईस्ट बॉर्डर पर सेना की ऑपरेशन संबंधी तैयारियों जायजा लिया और नागालैंड के राज्यपाल आर एन रवि और मुख्यमंत्री नीफियू रियो से मुलाकात की। जनरल नरवाणे ने मंगलवार को नॉर्दन बॉर्डर पर तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही साथ असम, नगालैंड और मणिपुर में सेना के उग्रवाद निरोधक अभियानों की समीक्षा की।

बहुत अहम है सेना की ईस्टर्न कमांड
सेना के शीर्ष अधिकारियों ने जनरल नरवाणे के दौरे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जनरल नरवाणे सोमवार को नगालैंड के दिमापुर पहुंचे थे। ईस्टर्न कमांड के पास अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के साथ-साथ सिक्किम के सेक्टरों के अलावा कई अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। सेना की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि सोमवार को, सेना प्रमुख को पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान और जनरल ऑफिसर कमांडिंग ऑफ स्पीयर कॉर्प्स, लेफ्टिनेंट जनरल आर पी कालिता ने उत्तरी सीमाओं पर परिचालन तैयारियों के साथ-साथ असम, नगालैंड, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में चल रहे अभियानों के बारे में जानकारी दी। वहीं, मंगलवार शाम जनरल नरवाणे ने नागालैंड के राज्यपाल आर एन रवि और मुख्यमंत्री नीफियू रियो से मुलाकात कर राज्य में मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications