India: एयरपोर्ट्स पर पैसेंजर्स के बैग से मिल रहीं ऐसी प्रतिबंधित वस्तुएं, अब BCAS का ये खास तरीका लगाएगा लगाम!
एयरपोर्ट्स पर अब कमर्शियल विज्ञापन डिस्प्ले की जगह प्रतिबंधित वस्तुओं को उजागर करने और यात्रियों को जागरूक करने वाले बोर्ड्स नजर आएंगे। रोजाना एयरपोर्ट्स से 25,000 प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त करने के कारण ऐसा फैसला लिया।
India: एयरपोर्ट्स पर सिक्योरिटी चेक को लेकर अब कमर्शियल विज्ञापन डिस्प्ले करने की इजाजत नहीं होगी। बल्कि डिस्प्ले का उपयोग केवल उन प्रतिबंधित वस्तुओं को उजागर करने के लिए किया जाएगा, जिन्हें हैंड बैग और चेक-इन बैगेज में विमान में नहीं ले जाया जा सकता है। यात्री विमान में चढ़ने से पहले सुरक्षा जांच (पीईएससी) से गुजरने से पहले कतारों में वेटिंग टाइम का उपयोग केबिन बैग से ऐसी वस्तुओं को खुद हटाने के लिए करते हैं और भविष्य में चेक-इन सामान में प्रतिबंधित वस्तुओं को पैक नहीं करते हैं।
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन (BCAS) ने यह निर्णय इसलिए लिया, क्योंकि भारत में प्रतिदिन एयरपोर्ट्स पर हवाई यात्रियों के बैग (केबिन + चेक-इन) से लगभग 25,000 प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त की जाती हैं। इनमें से 44% पावर बैंक होते हैं। जिसका मतलब है कि सुरक्षाकर्मी इस पर अपना अधिक समय और ऊर्जा खर्च करते हैं। यह जानकारी बीसीएएस के डायरेक्टर जनरल जुल्फिकार हसन ने एविएशन सिक्योरिटी कल्चर वीक-2023 के उद्घाटन के दौरान दी।

भारत में प्रतिदिन 3,300 उड़ानें लेने वाले 4.8 लाख यात्रियों की तलाशी ली जाती है। किसी प्रतिबंधित वस्तु का पता लगाने और उसे हटाने में औसतन प्रति बैग लगभग तीन मिनट लगते हैं। ऐसे में 25,000 आइटम का मतलब 75,000 मिनट या 1,250 घंटे है। बीसीएएस के डीजी जुल्फिकार हसन ने सोमवार को कहा कि किसी भी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच में लगने वाले 12 घंटे का समय इसमें तब्दील हो जाता है, जिसका इस्तेमाल गंभीर खतरों से निपटने के लिए किया जाना चाहिए।
प्रतिबंधित वस्तुएं में पावर बैंक टॉप पर
केबिन बैग से प्रतिबंधित वस्तुएं में लाइटर (26%), कैंची (22%), चाकू (16%) और तरल पदार्थ (14%) जब्त की जाती है। वहीं, चेक-इन बैग से पावर बैंक (44%), लाइटर (19%), ढीली बैटरी (18%) और लैपटॉप (11%) शामिल है।
हर दिन 9 लाख हैंड बैगों की स्क्रीनिंग
131 भारतीय एयरपोर्ट्स से रोजाना औसतन करीब 10 लाख यात्री गुजरते हैं। सुरक्षा जांच बिंदुओं पर लगभग 11,000 स्क्रीनर्स तैनात हैं, जो 600 बैगेज एक्स रे मशीनों और 1,000 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टरों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 5 लाख प्रस्थान करने वाले यात्रियों और 9 लाख हैंड बैगों की स्क्रीनिंग करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications