IAF Plane Crash: जैसलमेर में वायुसेना का विमान क्रैश, मलबे में बदला UAV प्लेन, धमाके से सहमे ग्रामीण
Jaisalmer IAF Plane Crash: धोरो की धरती राजस्थान में एक बार फिर वायुसेना का विमान क्रैश होने की बड़ी खबर सामने आई है। जैसलमेर में वायुसेना का टोही विमान हादसे का शिकार हो गया।
जैसलमेर से करीब 30 किमी दूर एक गांव में टोही विमान क्रैश हुआ। घटना सुबह 10 बजे के करीब की बताई जा रही है, जहां पिथला-जाजिया गांव के पास भोजाणियों की ढाणी के पास यह हादसा हुआ। जैसे ही विमान क्रैश की घटना घटी, धमाके से पूरा इलाका सहम उठा।

किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं
हालांकि विमान क्रैश हादसे में किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। वायु सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि एक दूर से संचालित विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान आज जैसलमेर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वायुसेना के अनुसार किसी भी कर्मी या संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए वायु सेना की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया गया है।
वायुसेना का टोही विमान बॉर्डर एरिया पर निगरानी कर रहा था। बता दें कि टोही विमान मानव रहित होता है। प्लेन के क्रैश होने के बाद जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद आग लग गई। भायनक धमाके से इलाके से ग्रामीम सहम गए।
धमाका, आग और फिर दहशत
हादसे के बाद आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर तुरंत पहुंची, जिस पर काबू पा लिया गया है। वहीं विमान हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के साथ वायुसेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। साथ ही हादसे वाले इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
12 मार्च को भी हुआ था ऐसा ही हादसा
बता दें कि इससे पहले जैसलमेर में ही बीते 12 मार्च को जवाहरनगर में सेना का एक एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया था। हादसे में पायलट खुद को बचाने में सफल रहा।












Click it and Unblock the Notifications