बालाकोट स्ट्राइक के हीरो अभिनंदन को दिवाली का तोहफा, प्रमोट कर बनाए गए ग्रुप कैप्टन
नई दिल्ली, 03 नवंबर: बालाकोट एयरस्ट्राइक के हीरो विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को दिवाली पर वायुसेना की ओर से शानदार तोहफा दिया गया है। विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान का प्रमोशन हो गया है। उन्हें अब ग्रुप कैप्टन बनाया गया है। पाकिस्तानी फाइटर जेट एफ-16 के साथ डॉग फाइट करने वाले अभिनंदन को शौर्य चक्र से नवाजा जा चुका है। उन्हें जल्द ही नई रैंक सौंपी जाएगी। ग्रुप कैप्टन भारतीय थल सेना के कर्नल रैंक के बराबर है।

अबतक अभिनंदन वायुसेना में विंग कमांडर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। प्रमोशन के बाद अब वह ग्रुप कैप्टन के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे। पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के बालाकोट में भारत ने आतंकी कैंपों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की थी। इस दौरान विंग कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्तान के एफ-16 विमान को मार गिराया था। यह अलग बात है कि उनका विमान भी क्षतिग्रस्त हो गया था। इस लड़ाई में वह पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में गिर गए थे।
पाकिस्तानी फौज ने उन्हें बंदी बना लिया था।भारत के लगातार दबाव बानने और अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप के कारण पाकिस्तानी सेना को उन्हें रिहा करने के लिए मजबूर होना पड़ा था। दो दिन बाद वह वाघा-अटारी बार्डर के माध्यम से 1 मार्च को भारत लौटे थे। उनकी इस बहादुरी के लिए भारत सरकार ने उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। अभिनंदन श्रीनगर के 51 स्क्वाडर्न का हिस्सा रहे हैं।
दरअसल 14 फरवरी 2019 को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था। इस हमले में 40 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। हमले की जिम्मेदारी मसूद अजहर के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इसके बाद से ही भारत में पाकिस्तान से बदला लेने की मांग तेज हो गई थी। इस पर 26 फरवरी 2019 के तड़के भारतीय लड़ाकू विमान मिराज 2000 के एक समूह ने एलओसी पार कर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी कैंप पर बमबारी की और उसे पूरी तरह से नष्ट कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications