राजनाथ सिंह बोले- जरूरत पड़ने पर उस पार घुसकर भी दुश्मन को मार सकता है भारत
लखनऊ। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही गोलाबारी के बीच केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र की छवि बना चुका है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान ने पूरी दुनिया को संदेश दे दिया है कि वह सरहद के इस पार ही नहीं बल्कि जरूरत पड़ने पर उस पार घुसकर भी दुश्मन को मार सकता है। राजनाथ सिंह ने यह बात उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ के कार्यक्रम के दौरान कही।

राजनाथ अपने संबोधन में आगे कहा कि भारत अपने पड़ोसी से अच्छे रिश्ते चाहता है, लेकिन पाकिस्तान हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। गृहमंत्री ने कहा, 'मैं आपको यकीन दिलाना चाहता हूं कि हमारी सरकार पूरे हिंदुस्तान का मस्तक झुकने नहीं देगी।'
राजनाथ सिंह ने आगे कहा, 'हमारे सैनिकों ने कैसा करिश्मा किया, यह बताने की जरूरत नहीं है। वे पाकिस्तान की धरती पर जाकर आतंकियों का सफाया करने में पूरी तरह कामयाब रहे। हमने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि हम उस पार जाकर भी मार सकते हैं।'
राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम में रेलवे माल गोदाम श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि वह रेल मंत्री पीयूष गोयल और श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठकर चर्चा करेंगे और उनकी समस्याओं को हल कराएंगे।












Click it and Unblock the Notifications