भारत जनवरी में UNSC की काउंटर टेररिज्म कमेटी की करेगा अध्यक्षता, 2012 के बाद दूसरी बार मिलेगा मौका
नई दिल्ली, 28 दिसंबर: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की आतंकवाद विरोधी समिति की अध्यक्षता भारत करने जा रहा है। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक भारत अगले साल जनवरी में यूएनएससी की आतंक विरोधी समिति की अध्यक्षता करेगा। इससे पहले साल 2012 में भारत ने इस कमेटी की अध्यक्षता की थी, जिसके बाद अब 2022 में दूसरी बार अध्यक्षता करेगा।

जानकारी के मुताबिक अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर 9/11 को हुए दिल दहला देने वाले आतंकवादी हमले के बाद सितंबर 2001 में यूएनएससी ने इस कमेटी का गठन किया था। इस सुरक्षा परिषद की काउंटर टेररिज्म कमेटी का मकसद देशों और उनके इलाके में आतंकवादी हमले को रोकने की क्षमता बढ़ाने के लिए काम करना है। खबर के अनुसार अगले साल की शुरुआत में भारत को सुरक्षा परिषद की तीन अहम कमेटियों की कमान सौंपी जा रही है, जिसमें तालिबान प्रतिबंध समिति, आतंकवाद विरोधी समिति और लीबिया प्रतिबंध समिति शामिल हैं।
भारत लगातार वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ मुखरता से अपनी आवाज बुलंद करता रहा है। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की पनाह में फल-फूल रहे आतंकियों की कलई कई बार भारत ने खोली है। हाल ही में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में अपने इरादे साफ बताते हुए कहा था कि अगर पाकिस्तान की तरफ से पनप रहे आतंकवाद के खिलाफ वो अपनी सख्त कार्रवाई करना जारी रखेगा। साथ ही यह भी कहा था कि दोनों मुल्कों के बीच बातचीत तब ही संभव है, आतंक और हिंसा से मुक्त माहौल बने।












Click it and Unblock the Notifications