Bihar News : सचिव ने कच्ची दरगाह–बिदुपुर गंगा सेतु परियोजना कार्य का लिया जायजा, जुलाई के पहले सप्ताह तक हो जाएगा पूर्ण
19.76 किमी लंबा, जिसमें 9.76 किमी का पुल और 10 किमी का अप्रोच रोड शामिल है, कच्ची दरगाह बिदुपुर 6-लेन गंगा ब्रिज प्रोजेक्ट अपने अंतिम चरण में है। जुलाई 2026 के पहले सप्ताह तक पूरा होने का लक्ष्य पटना-उत्तरी बिहार के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, यात्रा के समय को कम करेगा और गांधी सेतु पर यातायात को आसान करेगा।
पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने आज कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सचिव को बताया कि इस परियोजना को तेजी से पूरा किया जा रहा है और परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। *बचे हुये कार्य को जुलाई के पहले सप्ताह तक पूर्ण कर लिया जायेगा।* बिहार के परिवहन बुनियादी ढांचे के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जो राजधानी पटना और उत्तर बिहार के बीच कनेक्टिविटी को पूरी तरह से बदल देगी।

विभाग के सचिव ने कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए निर्माण एजेंसी और परियोजना से जुड़े अभियंताओं को निर्देश दिए कि अंतिम चरण के कार्यों में कोई ढिलाई न बरती जाए। *उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कार्य को जुलाई, 2026 के पहले सप्ताह तक हर हाल में पूरा कर लिया जाय, ताकि आम जनता के लिए इस मार्ग को शीघ्र खोला जा सके।*
पटना जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर अवस्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ सख्या-103 पर अवस्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 किमी लम्बाई के 6 लेन ग्रीनफिल्ड पुल परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत 9.76 किमी लम्बा पुल तथा 10 किमी लम्बा पहुंच पथों का निर्माण कार्य शामिल है। इस परियोजना का भौतिक कार्य (Physical Progress) 98.1 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। वर्तमान में पुल पर फिनिशिंग कार्यों के साथ-साथ एक्सपेंशन जॉइंट्स की स्ट्रेसिंग और अन्य तकनीकी कार्य चल रहे हैं। प्रथम चरण में कच्ची दरगाह, पटना से राघोपुर दियारा, वैशाली (कुल लम्बाई 4.57 किमी) का उद्घाटन किया जा चुका है।
यह सिक्स-लेन पुल, जो कि पटना के सबलपुर को एनएच-103 (बिदुपुर) से जोड़ता है, पटना-बख्तियारपुर बाईपास (एनएच-30) से सीधे जुड़ा होगा। सचिव ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से निर्बाध सड़क सम्पर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में इलाज के लिये पटना पहुँचने में मरीजों को भी काफी सुविधा होगी।
यह परियोजना न केवल गंगा नदी को पार करने का एक सुगम मार्ग प्रदान करेगा, बल्कि हाजीपुर और समस्तीपुर की ओर जाने वाले यातायात को भी सुगम बनाएगा। यह मेगा प्रोजेक्ट पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाएगा। यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी।सिक्स लेन पुल बिदुपुर तक शुरू किए जाने के बाद गांधी सेतु पर दबाव कम होगा।












Click it and Unblock the Notifications