मोहम्मद नावेद से जुड़ी जानकारियों के लिए पाक से होगा अनुरोध
नई दिल्ली। उधमपुर में हुए आतंकी हमले में पकड़े गए आतंकी मोहम्मद नावेद उर्फ उस्मान खान उर्फ कासिम खान से जुड़ी और ज्यादा जानकारियों के लिए भारत, पाकिस्तान से अनुरोध करेगा।

पाक सरकार के पास इसके लिए एक औपचारिक पत्र भेजा जाएगा। इस पत्र में नावेद के घर, उसके परिवार और उसकी ट्रेनिंग प्रोग्राम के बारे में जानकारियां मांगी जाएंगी।
मोहम्मद नावेद इस बात को स्वीकार कर चुका है कि वह पाकिस्तान के फैसलाबाद का रहने वाला है। लेकिन पाक इस बात से मुकर चुका है। इसके बावजूद भारत को और ज्यादा सुबूत अपनी जांच के लिए चाहिए।
पाक की ओर से मोहम्मद नावेद की गिरफ्तारी के बाद से जो बयान आया था उसके मुताबिक उसके डाटाबेस में नावेद के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जिस तरह से पाक ने कसाब को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी उसी तरह की प्रतिक्रिया उसने नावेद के सिलसिले में भी दी।
भारत शायद यह जानना चाहता है कि इस मुद्दे पर पाक आधिकारिक तौर पर क्या कहता है। नेशनल इनवेस्टिगेटिंग एजेंसी एनआईए की मानें तो पाक को नावेद के बारे में एक चिट्ठी भेजी जाएगी। मोहम्मद नावेद अभी एनआईए की हिरासत में है। एजेंसी को पहले ही पाक के रुख का अंदाजा है लेकिन एक प्रक्रिया के तहत उसे ऐसा करना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications