धीमी पड़ी कोरोना की रफ्तार, 24 घंटों में मिले 50407 नए केस और 1,36,962 मरीज ठीक
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट जारी है और नए केस एक लाख से कम रिकॉर्ड किए गए हैं।
नई दिल्ली, 12 फरवरी: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट जारी है और नए मरीजों की संख्या 1 लाख से नीचे दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 50407 नए केस मिले हैं, जबकि 1,36,962 मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 804 लोगों की जान गई है। इन नए आंकड़ों के साथ देश में कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,07,981 हो गई है।

कोरोना का दैनिक पॉजिटिविटी रेट घटकर हुआ 3.48 फीसदी
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के ठीक होने की रफ्तार बढ़ने से एक्टिव मामलों में कमी आई है और फिलहाल देश में एक्टिव केस 6,10,443 बचे हैं। इसके अलावा कोरोना वायरस का दैनिक पॉजिटिविटी रेट भी कम हुआ है और फिलहाल यह आंकड़ा 3.48 फीसदी पर आ गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना महामारी के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में टीकाकरण अभियान तेजी से चल रहा है, जिसमें अभी तक वैक्सीन की कुल 1,72,29,47,688 डोज दी जा चुकी हैं।
इन पांच राज्यों में हैं कोरोना के सबसे ज्यादा केस
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन की दस्तक के बीच देश में संक्रमण के मामले बेहद तेजी से बढ़े थे। हालांकि अब ज्यादातर राज्यों में संक्रमण के मामले घटने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, फिलहाल जिन पांच राज्यों में कोरोना वायरस के दैनिक मामले सबसे ज्यादा हैं, उनमें केरल (16,012 केस), महाराष्ट्र (5,455), कर्नाटक (3,976), तमिलनाडु (3,086 केस) और राजस्थान (2,890 केस) शामिल है। पिछले 24 घंटों में मिले कोरोना वायरस के कुल मामलों में से 62.33 फीसदी केस इन्हीं पांच राज्यों में दर्ज हुए हैं। इनमें भी 31.77 फीसदी मामले अकेले केरल में सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications