कोरोना के मामलों में फिर इजाफा, 24 घंटों में मिले 39,097 नए केस और 546 की मौत
एक दिन की गिरावट के बाद कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और मौतों की संख्या में एक बार फिर बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।
नई दिल्ली, 24 जुलाई: एक दिन की गिरावट के बाद कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और मौतों की संख्या में एक बार फिर बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के भीतर देशभर में कोरोना वायरस के 39,097 नए केस मिले हैं, जबकि 546 लोगों की मौत हुई है। वहीं, इससे एक दिन पहले शुक्रवार को कोरोना के नए मामलों की संख्या 35,342 और मृतकों का आंकड़ा 483 था। इसके अलावा कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी घटी है और बीते 24 घंटों में 35,087 मरीज रिकवर हुए हैं।
Recommended Video

स्वास्थ्य विभाग के नए आंकड़ों के बाद देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 3,13,32,159 और रिकवर मरीजों की संख्या 3,05,03,166 हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण के कारण अभी तक 4,20,016 लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच एक बड़ी चिंता की बात यह है कि पिछले एक हफ्ते के दौरान ठीक होने वाले मरीजों की संख्या घटने की वजह से कोरोन वायरस के एक्टिव केस कम नहीं हो रहे हैं और अभी भी यह आंकड़ा 4,08,977 है। वहीं देश में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 42,78,82,261 डोज दी जा चुकी हैं।
बढ़ते मामलों से तीसरी लहर की आशंका?
कोरोना वायरस की दैनिक रिपोर्ट पेश करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में इस समय मरीजों का रिकवरी रेट 97.35 फीसदी है। इसके अलावा दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.40 फीसदी है, जो लगातार 33वें दिन 3 फीसदी से नीचे बना हुआ है। आपको बता दें कि कोरोना के दैनिक मामलों में पिछले एक हफ्ते के दौरान कुछ इजाफा हुआ है, जिसके बाद महामारी की तीसरी लहर को लेकर आशंकाएं बढ़ गई हैं। दिल्ली स्थित एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने शुक्रवार को बताया कि अगर लोगों ने सही ढंग से कोरोना नियमों का पालन किया तो संक्रमण की तीसरी लहर को टाला जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications