देश में मिले कोरोना के 11649 नए मामले, अभी तक 83 लाख लोगों को दी गई वैक्सीन
देश के अलग-अलग राज्यों में अभी तक कोरोना वायरस के 1,06,21,220 मरीज ठीक भी हो चुके हैं।
नई दिल्ली। कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान के बीच देश में पिछले एक दिन के भीतर संक्रमण के 11649 नए मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को कोरोना वायरस से जुड़े आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के अंदर 9489 संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 90 मरीजों की मौत हुई है। इन नए आंकड़ों के साथ देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 1,09,16,589 और मृतकों की संख्या 1,55,732 हो गई है। वहीं देश के अलग-अलग राज्यों में अभी तक कोरोना वायरस के 1,06,21,220 मरीज ठीक भी हो चुके हैं।
Recommended Video

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बड़ी संख्या में कोरोना वायरस के मरीजों के ठीक होने के बाद देश में एक्टिव केस फिलहाल 1,39,637 बचे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल ही में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया था कि कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा केस फिलहाल केरल और महाराष्ट्र में मिल रहे हैं। महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4092 नए मामले सामने आए, जबकि 40 लोगों की मौत हुई। इन नए मरीजों के साथ महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 20,64,278 हो गए हैं।
देश में जारी है कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान
वहीं, देश में कोरोना वायरस की टेस्टिंग भी लगातार जारी है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने टेस्टिंग के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि 14 फरवरी तक देश में कोरोना वायरस के कुल 20,67,16,634 सैंपल टेस्ट हो चुके हैं, जिनमें से 4,86,122 सैंपल टेस्ट पिछले एक दिन के अंदर किए गए हैं। गौरतलब है कि देश में टीकाकरण अभियान का पहला चरण 16 जनवरी से शुरू किया गया था, जिसमें कोरोना वायरस की दूसरी डोज भी 12 फरवरी से दी जाने लगी है। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 50 साल से ज्यादा उम्र के उन लोगों को वैक्सीन दी जा रही है, जो गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।












Click it and Unblock the Notifications