Delhi News: दिल्ली में स्कूल-कॉलेज, बैंक से लेकर मेट्रो बस, एयरपोर्ट- क्या खुला, क्या बंद, हर जरूरी अपडेट
India Pakistan Tension Delhi News: भारत और पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालातों को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है। तैयारियों के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। जबकि दिल्ली पुलिस ने बाजारों, मॉल, होटलों, मेट्रो स्टेशनों, आवासीय कॉलोनियों और एयरपोर्ट्स पर अपनी सिक्योरिटी और बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि घबराने की कोई बात नहीं है।
दिल्ली सरकार ने भी सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। दिल्ली में इंडिया गेट, लाल किला, कुतुब मीनार, लोटस टेम्पल, हुमायूं का मकबरा, अक्षरधाम मंदिर जैसे संवेदनशील और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। 8 मई की रात पाकिस्तान के हमलों की कोशिश के दौरान इंडिया गेट सुरक्षा को लेकर खाली भी कराए गए थे। लेकिन आज 09 मई को अधिकारिक तौर पर इसके बंद होने की जानकारी नहीं दी गई है। दिल्ली के किसी भी बाजार, ऐतिहासिक स्थलों या सार्वजनिक जगहों को फिलहाल बंद करने के आदेश नहीं दिए गए हैं। ऐसे में आइए जानें स्कूल, कॉलेज, एयरपोर्ट, फ्लाइट, ट्रेन को लेकर क्या एडवाइजरी है।

🔴 Are schools closed in Delhi: क्या दिल्ली में स्कूल और कॉलेज बंद किए गए हैं?
दिल्ली में अभी तक सरकार की ओर से स्कूलों और कॉलेज को बंद होने पर कोई अपडेट नहीं आया है। आधिकारिक आदेश जारी होने तक सरकारी कॉलेज और स्कूल खुले रहेंगे। दिल्ली के सभी सरकारी स्कूल आज 09 मई को खुले हैं। ज्यादातर प्राइवेट स्कूल भी खुले हुए हैं।
हालांकि दिल्ली के कुछ प्राइवेट स्कूलों ने भारत-पाक तनाव को देखते हुए स्कूलों को बंद करने या फिर ऑनलाइन क्लास कराने का फैसला लिया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल ने आर.के.पुरम, ईस्ट ऑफ कैलाश और वसंत विहार में अपनी शाखाओं के लिए 9 मई को छुट्टी की घोषणा की है।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में सरकारी स्कूल बंद करने के आदेश इसलिए नहीं जारी किए गए हैं क्योंकि 11 मई से गर्मी की छुट्टियों के लिए स्कूल पहले से ही बंद होने वाले हैं।
🔴 Are Delhi Airport Flights Cancelled: क्या आज दिल्ली एयरपोर्ट बंद है?
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुक्रवार 09 मई को खुला है। हालांकि कुछ फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। कहा गया है कि हवाई क्षेत्र में बदलाव और सख्त सुरक्षा उपायों के कारण कुछ उड़ानें देरी से या रद्द हुईं। एयरपोर्ट की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि यात्री करने से पहले अपने एयरलाइंस से संपर्क करें। फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट को बंद नहीं किया गया है।
भारत में एयरपोर्ट बंद होने के दावों को खारिज करते हुए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स कहा, ''दिल्ली एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य बना हुआ है। हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और कड़ी सुरक्षा के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। कृपया लेटेस्ट अपडेट के लिए अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें।''
🔴 Airport Advisory: एयरपोर्ट एडवाइजरी में क्या कहा गया है?
एयरपोर्ट अधिकारियों ने सभी से केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने को कहा। DIAL ने लिखा, "हम किसी भी असुविधा को कम करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।" किसी भी असुविधा से बचने के लिए, एयर इंडिया और अकासा एयर सहित देशभर की एयरलाइनों ने यात्रियों को बढ़ी हुई सुरक्षा के कारण प्रस्थान से कम से कम तीन घंटे पहले हवाई अड्डों पर पहुंचने की सलाह दी है।
🔴 Are Delhi Metro closed? क्या दिल्ली मेट्रो बंद है?
दिल्ली मेट्रो आज 09 मई को सामान्य दिन की तरह चल रहा है। दिल्ली मेट्रो के अधिकारिक एक्स हैंडल दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने दिल्ली मेट्रो के बंद होने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
🔴 Are Delhi DTC Bus closed? क्या दिल्ली में DTC की बस सेवाएं बंद है?
दिल्ली की DTC बस सर्विस भी एनसीआर में आज 09 मई को सामान्य दिन की तरह चालू है। इसके बंद होने की जानकारी नहीं दी गई है।
🔴 Delhi Train: दिल्ली आने वाली क्या ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं?
नहीं, दिल्ली आने-जाने वाली किसी ट्रेन को कैंसिल नहीं किया गया है। भारतीय रेलवे ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है। ना ही नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर से ऐसी कोई जानकारी है।
🔴 Delhi Bank ATM Are closed? क्या दिल्ली में बैंक और एटीएम बंद है?
नहीं, दिल्ली में कोई भी बैंक और एटीएम आज बंद नहीं है। बैंक और एटीएम को लेकर कई फर्जी खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। आप लोगों से गुजारिश है कि ऐसी फेक दावों पर भरोसा ना करें। हमेशा जानकारी के लिए अधिकारिक वेबसाइट या हैंडल पर जाएं।












Click it and Unblock the Notifications