'वहां से गोली चलेगी तो यहां से गोला चलेगा, ऑपरेशन सिंदूर जारी है', भारत ने दिया पाकिस्तान को बड़ा संदेश
India Pakistan Ceasefire (Operation Sindoor): भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच आज रविवार (11 मई) की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, NSA, CDS और तीनों सेनाओं प्रमुखों के संग दो घंटे बैठक चली। इस बैठक में पाकिस्तान की ओर से किए सीजफायर उल्लंघन को लेकर चर्चा की गई है। इस बैठक के बाद सूत्रों के हवाले से खबर आई कि भारत का ''ऑपरेशन सिंदूर'' अभी भी जारी है। ANI के सूत्रों के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी ने सेना को साफ शब्दों में निर्देश दिया है कि ''वहां (पाकिस्तान) से गोली चलेगी तो यहां से गोला चलेगा। उनकी तरफ से जो हमारे एयरबेस पर हमले किए गए हैं, वो निर्णायक मोड़ थे।'' भारत ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में साफ संदेश दिया है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में पीएम मोदी ने कहा, ''ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है। अगर वे (पाक) गोली चलाएंगे, तो हम भी गोली चलाएंगे, अगर वे हमला करेंगे तो हम भी हमला करेंगे।'' बैठक में पीएम मोदी ने यह भी कहा है कि 'हम नए सामान्य दौर में हैं, दुनिया को इसे स्वीकार करना होगा।पाकिस्तान को इसे स्वीकार करना होगा, यह हमेशा की तरह नहीं चल सकता।'

कश्मीर को लेकर हमारी स्थिति बहुत स्पष्ट है, हमें किसी की मध्यस्थता की जरूरत नहीं है: सूत्र
सूत्रों के मुताबिक बैठक में कहा गया है कि 'कश्मीर पर हमारी स्थिति बहुत स्पष्ट है, अब केवल एक ही मुद्दा बचा है- पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को वापस करना। इसके अलावा और कोई बात नहीं है। अगर वे आतंकवादियों को सौंपने की बात करते हैं, तो हम बात कर सकते हैं। मेरा किसी और विषय पर कोई इरादा नहीं है। हम नहीं चाहते कि कोई मध्यस्थता करे। हमें किसी की मध्यस्थता की जरूरत नहीं है।'
सूत्रों ने यह भी जानकारी दी है कि 'न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से साफ कहा कि अगर पाकिस्तान कुछ करता है तो जवाब और भी विनाशकारी और कड़ा होगा। उसी रात पाकिस्तान ने 26 ठिकानों पर हमला किया और भारत ने इसका बहुत जोरदार जवाब दिया। उनके ठिकानों पर हमले किए गए।'
'भारत-पाक के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और विदेश मंत्री में कोई बातचीत नहीं हुई'
सूत्रों के हवालों से यह भी खबर है कि 'भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और विदेश मंत्रियों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच ही बातचीत हुई।'
बैठक में ये जानकारी दी गई है कि 'बहावलपुर (पाकिस्तान) स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया गया, सबसे ज्यादा शक्तिशाली हथियार का इस्तेमाल किया गया। जैश-ए-मोहम्मद को ISI ने बनाया था, यह भारत का एक अहम संदेश था।'
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर तीनों लक्ष्य हासिल किए: सूत्र
सूत्रों के मुताबिक भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर तीनों लक्ष्य हासिल किए है, जो इस प्रकार हैं...
- 1. सैन्य उद्देश्य- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था 'मिट्टी में मिला देंगे, बहावलपुर, मुरीदके और मुजफ्फराबाद कैंप को मिट्टी में मिला दिया गया है।'
- 2. राजनीतिक उद्देश्य- सिंधु जल संधि सीमा पार आतंकवाद से जुड़ी है। जब तक सीमा पार से आतंकवाद बंद नहीं होता, तब तक यह स्थगित रहेगी।
- 3. मनोवैज्ञानिक उद्देश्य- 'घुस कर मारेंगे', हमने उनके दिल में गहरी चोट पहुंचाई। हम बहुत सफल रहे।
सूत्रों के हवाले से यह भी कहा गया है कि हर दौर में पाकिस्तान के लिए स्थिति खराब होती गई, वे लड़ाई के हर दौर में भारत से हार गए। पाकिस्तान के हवाई ठिकानों पर हमारे हमलों के बाद, पाकिस्तान को एहसास हो गया है कि वे इस लीग में नहीं हैं। भारत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कोई भी सुरक्षित नहीं है, यह नया सामान्य है।
भारत और पाकिस्तान सीजफायर
भारत सरकार की ओर ये बताया गया कि 10 मई की शाम 5 बजे से दोनों देशों में सीजफायर लागू हो चुका है। हालांकि पाकिस्तान ने सीजफायर लागू होने के कुछ घंटों बाद ही इसका उल्लंघन किया, जिसकी जानकारी बीती रात प्रेस ब्रीफिंग कर विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने दी थी। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान की ओर से सीजफायर का उल्लंघन किया गया है। भारतीय सेना को इसका मजबूती से जवाब देने के लिए भारत सरकार ने आदेश दे दिए हैं।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इससे पहले 10 मई की शाम को कहा था, ''पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 17: 00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज, इस सहमति को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 1200 बजे फिर से बात करेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications