भारतीय मौसम विभाग का ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट हैक, 2.5 लाख के करीब हैं फॉलोअर्स
नई दिल्ली, अप्रैल 09। सोशल मीडिया हैकर्स का जाल हर दिन बढ़ता ही जा रहा है। भारत में आए दिन बड़ी-बड़ी हस्तियों और संस्थानों के ट्विटर अकाउंट हैक हो रहे हैं। इस बीच शनिवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट हैक हो गया। अकाउंट हैक होने का पता उस वक्त चला, जब इस अकाउंट पर लगी प्रोफाइल पिक्चर को हटा दिया गया।

ट्विटर अकाउंट के हैक होने की पुष्टि मौसम विभाग के डीजी मृत्युंजय महापात्रा ने की है। उन्होंने ANI से बात करते हुए कहा है कि हमारा ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया है, हम इसे फिर से रिस्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
2.5 लाख फॉलोअर्स हैं IMD के अकाउंट पर
हैकर्स ने ट्विटर अकाउंट को हैक करके इस पर NFT ट्रेडिंग शुरू कर दी। हैकर्स ने इस अकाउंट से फिर एक ट्वीट किया, जिसमें लिखा था, "Beanz ऑफिशियल कलेक्शन के सामने होने के मौके पर हमने अगले 2 घंटे के लिए कम्युनिटी के सभी एक्टिव NFT ट्रेडर्स के लिए एयरड्रॉप को खोल दिया है।" इसके साथ साथ हैकर्स ने एक GIF को भी अटैच किया। आपको बता दें कि भारतीय मौसम विभाग के ऑफिशिय ट्विटर अकाउंट पर 2.5 लाख के करीब फॉलोअर्स हैं।
कल रात यूपी के सीएम कार्यालय का अकाउंट हुआ था हैक
आपको बता दें कि शुक्रवार रात को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऑफिस का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया था। हैकर्स ने सीएम योगी के ऑफिस के ट्विटर हैंडल को हैक करने के बाद उसकी प्रोफाइल पिक्चर को बदल दिया था और एक के बाद एक कई ट्वीट किए, जिसमें सैंकड़ों यूजर्स को टैग किया गया था। इसके अलावा अलग-अलग तरह की फोटो टाइमलाइन पर अपलोड की थी।












Click it and Unblock the Notifications