'खालिस्तानी आतंकियों से ध्यान हटाने की कोशिश', निज्जर हत्या मामले में कनाडा के PM ट्रूडो आरोप पर भारत का जवाब
MEA on Canada PM Justin Trudeau allegations: भारत सरकार ने खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर (Hardeep Singh Nijjar) की हत्या को लेकर लगाए गए कनाडा के आरोपों को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय ने 19 सितंबर की सुबह बयान जारी कर कहा, ''भारत कनाडा के आरोपों को खारिज करता है।''
भारत के विदेश मंत्रालय ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के उन आरोपों को खारिज किया है जिसमें उन्होंने दावा किया था कि 'हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत सरकार हो सकती है।' इस दावे के बाद कनाडा ने भारतीय उच्च राजनयिक पवन कुमार राय को भी निष्कासित कर दिया है।

विदेश मंत्रालय ने कहा- हमने उनकी संसद में कनाडा के PM के बयान को खारिज किया है
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हमने उनकी संसद में कनाडा के प्रधानमंत्री (जस्टिन ट्रूडो) के बयान को देखा है और उनके विदेश मंत्री के बयान को भी खारिज किया है। ये बस खालिस्तानी आतंकियों से ध्यान हटाने की कोशिश है।'
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि, 'कनाडा में हिंसा के किसी भी कृत्य में भारत सरकार की भागीदारी के आरोप बेतुके हैं। और कहीं से प्रेरित हैं। हम कानून के शासन के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता वाली एक लोकतांत्रिक राजनीति हैं।'
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि, 'इसी तरह के आरोप कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी रखे थे और उन्हें पूरी तरह से खारिज कर दिया गया था।'
"India rejects allegations by Canada," MEA issues statement.
— ANI (@ANI) September 19, 2023
"We have seen and reject the statement of the Canadian Prime Minister in their Parliament, as also the statement by their Foreign Minister. Allegations of Government of India's involvement in any act of violence in… pic.twitter.com/RmH8eFDinR
'खालिस्तानी आतंकवादियों और चरमपंथियों से ध्यान हटाने की कोशिश'
विदेश मंत्रालय ने कहा कि,'...इस तरह के निराधार आरोप खालिस्तानी आतंकवादियों और चरमपंथियों से ध्यान हटाने की कोशिश है, जिन्हें कनाडा में आश्रय दिया गया है और जो भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए खतरा बने हुए हैं। इस मामले पर कनाडाई सरकार की निष्क्रियता लंबे समय से और निरंतर चिंता का विषय रही है।'
विदेश मंत्रालय ने कहा, 'कनाडाई राजनीतिक हस्तियों द्वारा ऐसे तत्वों के प्रति खुले तौर पर सहानुभूति व्यक्त करना गहरी चिंता का विषय बना हुआ है। कनाडा में हत्या, मानव तस्करी और संगठित अपराध सहित कई अवैध गतिविधियों को दी गई जगह कोई नई बात नहीं है। हम भारत सरकार को ऐसे घटनाक्रम से जोड़ने के किसी भी प्रयास को अस्वीकार करते हैं। हम कनाडा सरकार से उनकी धरती से सक्रिय सभी भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं।''
कनाडा के PM जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या का भारत पर लगाया आरोप
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया है कि सिख नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत सरकार हो सकती है। ये बात कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने वहां के संसद में कही है।
पीएम जस्टिन ट्रूडो के इस बयान के बाद निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका की जांच के मद्देनजर कनाडा ने भारत के शीर्ष राजनयिक पवन कुमार राय को भी निष्कासित कर दिया है।
बता दें कि 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कनाडा की संसद में बोलते हुए पीएम ट्रूडो ने कहा कि, कनाडा की एजेंसियों ने जांच के दौरान ये पता किया है कि निज्जर की हत्या के पीछे भारत सरकार का हाथ हो सकता है।
G20 में भी PM मोदी और ट्रूडो के बीच उठा था ये मुद्दा
बता दें कि हाल ही में दिल्ली में हुए जी-20 सम्मेलन में भी पीएम नरेंद्र मोदी और कनाडा के पीएम ट्रूडो के बीच खालिस्तानी और सिख अलगाववादी गतिविधियों का मुद्दा उठा था। पीएम ट्रूडो के साथ मुलाकात में पीएम मोदी ने कनाडा में सिख अलगाववादी गतिविधियों और भारतीय राजनयिकों पर हो रहे हमले का मुद्दा उठाया था।












Click it and Unblock the Notifications