चाइनीज मोबाइल पर सरकार का सर्जिकल स्ट्राइक, 12 हजार से कम कीमत वाले फोन होंगे बंद, जल्द हो सकता है ऐलान
नई दिल्ली, 08 अगस्तः भारत सरकार ने चाइनीज कंपनियों को एक और झटका दिया है। सरकार ने चाइनीज मोबाइल कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 डॉलर या 12,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन को भारत में बैन करने का फैसला किया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने यह फैसला घरेलू कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए किया है।

लावा, माइक्रोमैक्स को होगा फायदा
एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकार ने यह फैसला लावा, माइक्रोमैक्स जैसी घरेलू कंपनियों को आगे बढ़ाने के लिए किया है। चीनी स्मार्टफोन कंपनियां वर्तमान में बजट स्मार्टफोन सेगमेंट या कहें तो 15000 से कम कीमत वाले सेगमेंट में हावी है। इस रेंज में सैमसंग या अन्य देशों की मोबाइल कंपनियां चाइनीज फोन्स के आगे कहीं नहीं ठहरती हैं।

अभी तक नहीं आया है आधिकारिक बयान
लेकिन अब सरकार के इस फैसले से Xiaomi, Vivo, Oppo, Poco, Redmi, Realme जैसी कंपनियों को बड़ा झटका लगा है। हालांकि इस मामले पर सरकार की ओर से या किसी चाइनीज कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सरकार के इस फैसले का मकसद एंट्री लेवल सेगमेंट में घरेलू कंपनियों के दबदबे को कायम करना है।

भारत दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक भारत सरकार भारतीय स्मार्टफोन निर्माताओं को आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। यदि यह कदम प्रभावी होता है तो इससे श्याओमी, पोको, वीवो, ओप्पो जैसी कंपनियों की बिक्री प्रभावित हो सकती हैं। बता दें कि भारत इस वक्त दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार है, लेकिन कब्जा चाइनीज कंपनियों का है। घरेलू कंपनियां इन चाइनीज कंपनियों के आगे टिक नहीं पा रही है।

चाइनीज फोन का भारत में है दबदबा
मार्केट रिसर्च फर्म काउंटरप्वाइंट के अनुसार जून 2022 तक की तिमाही में भारत में 12000 से कम कीमत के एक तिहाई स्मार्टफोन बिके हैं। इसमें से 80 फीसदी स्मार्टफोन सिर्फ चाइनीज कंपनियों के थे। स्मार्टफोन के अलावा भारत सरकार की नजर चीनी ऐप्स पर भी है। बता दें कि इससे पहले 2020 में सरकार ने एक बार में करीब 60 चाइनीज एप्स पर बैन लगाए थे और उसके बाद कई बार चाइनीज एप्स पर बैन लगाए गए।

349 चाइनीज ऐप्स बन बैन
अभी तक करीब 349 चाइनीज एप्स पर बैन लगा दिया गया है। हाल ही में पबजी के नए अवतार बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया को सरकार के आदेश के बाद गूगल प्ले-स्टोर और एपल के एप से हटाया गया है। बैटलग्राउंड मोबाइल इंडिया के स्टोर से हटाए जाने को लेकर कंपनी ने कहा है कि एप को स्थायी तौर पर बैन नहीं किया गया है, बल्कि इसे अस्थायी तौर पर ब्लॉक किया गया है। एप की वापसी जल्द ही होगी।

सरकार के निशाने पर चाइनीज कंपनियां
बता दें कि वीवो, ओप्पो और श्याओमी जैसी कंपनियां पहले से ही इनकम टैक्स विभाग के निशाने पर हैं। इन कंपनियों पर टैक्स चोरी का भी आरोप लग चुका है। हाल ही में इन कंपनियों के ईडी के छापे भी पड़े हैं। जिसके बाद ईडी ने एक मामले में वीवो के बैंक खातों को सील कर दिया था। कंपनी ने बाद में अधिकारियों से बैंक खातों को अनफ्रीज करने का आग्रह किया ताकि कंपनी देश में कारोबार जारी रख सके।












Click it and Unblock the Notifications