'बर्दाश्त नहीं', पाक झंडे की ई-कॉमर्स साइट्स पर बिक्री पर भारत सरकार की चेतावनी! इन कंपनियों को भेजा नोटिस
India Pakistan Tension: जब सीमा पर गोली चल रही हो, सैनिक शहीद हो रहे हों, और आतंकवाद अपनी नापाक चालें चल रहा हो - उस वक्त किसी भारतीय वेबसाइट पर 'पाकिस्तानी झंडा' बिके? ये केवल एक व्यापारिक लापरवाही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति के घाव पर नमक है! ई-कॉमर्स पर पाकिस्तानी झंडे की बिक्री पर भारत ने डिजिटल सर्जिकल स्ट्राइक वाला तेवर दिखाया है।
भारत सरकार ने पाकिस्तानी झंडे और उससे संबंधित सामान बेचने की शिकायतों के बाद कई ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्मों को नोटिस जारी किया है। साथ ही कहा है कि ऐसी असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को निर्देश दिया जाता है कि वे ऐसी सभी सामग्री को तुरंत हटा दें और राष्ट्रीय कानूनों का पालन करें। आइए जानते हैं कौन-कौन सी कंपनियों को मिला नोटिस?

कंपनियों को मिला नोटिस?
सरकार की ओर से CCPA (Central Consumer Protection Authority) ने जिन कंपनियों को नोटिस भेजा है, उनमें शामिल हैं:-
- Amazon India
- Flipkart
- UBuy India
- Etsy
- The Flag Company
- The Flag Corporation
सरकार ने क्या कहा?
उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक्स (पहले ट्विटर) पर साफ कहा- 'ऐसी असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी ई-कॉमर्स कंपनियों को ऐसे उत्पाद तुरंत हटाने और कानून का पालन करने का निर्देश दिया गया है।'
कौन सा कानून टूटा है?
इस बारे में मंत्री जी की पोस्ट में साफ तौर पर किसी खास कानून का जिक्र नहीं है। लेकिन यह जरूर कहा गया है कि यह 'राष्ट्रीय भावना और सुरक्षा' के खिलाफ है। ऐसे प्रतीक जिनका संबंध दुश्मन देश से हो, वे देश की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं, और ऐसे समय में ये बेहद संवेदनशील मुद्दा बन जाता है।
ई-कॉमर्स कंपनियों की जिम्मेदारी क्या है?
अब सरकार ने साफ कर दिया है कि कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले उत्पादों पर पूरी नजर रखनी होगी। ऐसा कोई सामान नहीं होना चाहिए जो देश की भावनाओं या कानूनों के खिलाफ हो। अगर ऐसा पाया गया तो सरकार सख्त कदम उठाएगी।
इस आदेश का क्या मतलब है?
यह दिखाता है कि राष्ट्रीय प्रतीकों और भावनाओं के प्रति सरकार गंभीर है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को अब ज्यादा सतर्कता बरतनी होगी। देशविरोधी प्रतीकों की बिक्री सिर्फ 'बिजनेस' नहीं, यह राष्ट्रीय सुरक्षा और गरिमा से जुड़ा मुद्दा है।












Click it and Unblock the Notifications