चीन से लगती सीमाओं पर भारत तैनात कर रहा अमेरिका से आए हाईटेक हथियार
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर: भारत और चीन के बीच विवाद जारी है। इस बीच खबर आ रही कि भारत की ओर से LAC से लगते इलाकों में अमेरिका निर्मित हथियारों को तैनात किया गया है। इसमें चिनूक हेलीकॉप्टर, अल्ट्रा लाइट तोप हॉवित्जर और हाईटेक राइफल्स शामिल हैं। इस तैनाती का मकसद तनाव की स्थिति में भारतीय सेना को ज्यादा से ज्यादा मजबूत बनाने का है। हालांकि दोनों देश लगातार दावा कर रहे कि वो बातचीत के जरिए मामले का हल निकालने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भारतीय सेना ने हाल ही में बताया था कि माउंटेन स्ट्राइक कोर पूरी तरह से चालू है। कॉम्बेट और कॉम्बेट स्पोर्ट यूनिट्स सहित सभी यूनिट पूरी तरह से तैयार हैं। खबर ये भी है कि भारतीय सेना की एक बड़ी टुकड़ी को अरुणाचल में तैनात किया गया है, ताकि युद्ध जैसे हालात में हम 1962 की तरह कमजोर ना पड़ें। ऐसे में पिछले एक साल में कम से कम 30 हजार से ज्यादा भारतीय जवानों की तैनाती अरुणाचल में हो चुकी है।
मामले में ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन में सेंटर फॉर सिक्योरिटी, स्ट्रैटेजी एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक राजेश्वरी पिल्लई राजगोपालन ने कहा कि भारत की तैनाती चीन के साथ बातचीत में प्रगति की कमी के साथ निराशा भी दिखाती है। हम दूसरी सर्दियां बीतने जा रहे हैं, ये बताता है कि भारत को सीमा पर अपनी क्षमताओं और बुनियादी ढांचे के निर्माण पर काम करने और यू.एस. जैसे भागीदारों से अधिक उपकरण प्राप्त करने की आवश्यकता क्यों है?
उपराष्ट्रपति के दौरे पर जताई थी आपत्ति
आपको बता दें कि लद्दाख और उत्तराखंड के बाद अरुणाचल में भी चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की थी। हालांकि भारतीय सेना ने उन्हें खदेड़ दिया। इसके बाद चीन ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की यात्रा पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे तनाव बढ़ेगा। बाद में भारत ने चीन को आतंरिक मामले में दखल ना देने की सलाह दी।












Click it and Unblock the Notifications