एक दिन में कोरोना के 11458 नए केस, मरीजों की संख्या पहुंची 3 लाख के पार
एक दिन में कोरोना वायरस के मरीज मिलने का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के कारण देश के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। शनिवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के भीतर 11458 नए केस सामने आए हैं और कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 308993 हो गई है। एक दिन में कोरोना वायरस के मरीज मिलने का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना के कारण 386 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 8884 हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि अभी तक कोरोना के 154330 मरीज ठीक हुए हैं और फिलहाल एक्टिव केस 145779 हैं।
Recommended Video

महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 1 लाख के पार
आपको बता दें कि भारत अब दुनिया का ऐसा चौथा देश बन गया है, जहां कोरोना वायरस के केस 3 लाख से ज्यादा हो चुके हैं। कोरोना वायरस के कारण महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा स्थिति खराब है, जहां मरीजों की संख्या 1 लाख का आंकड़ा छू चुकी है। महाराष्ट्र में शुक्रवार को ही 3493 नए मामले रिपोर्ट किए गए, जिसके बाद कुल पॉजिटिव केस बढ़कर 1,01,141 हो गए। इनमें 1372 नए केस अकेले मुंबई में मिले हैं।

दिल्ली में एक दिन में 2137 नए केस
वहीं, दिल्ली में भी कोरोना वायरस के आंकड़े लगातार डरा रहे हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 2137 नए पॉजिटिव केस सामने आए, जिसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 36824 हो गई। दिल्ली में कोरोना वायरस को लेकर राजनीति भी गर्माई हुई है। दरअसल भाजपा शासित एमसीडी ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल सरकार मृतकों की असली संख्या छिपा रही है। हालांकि दिल्ली सरकार इन आरोपों से इनकार कर रही है।

अस्पतालों के हाल पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई नाराजगी
कोरोना वायरस के मरीजों के इलाज को लेकर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने भी नाराजगी जाहिर की। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अस्पतालों की बदहाली पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल को लेकर भी सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल सरकार को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि ऐसा तो जानवरों के साथ भी नहीं होता, जैसे मरीजों के साथ किया जा रहा है। अदालत ने मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications