34 लाख के पार पहुंचे कोरोना वायरस के केस, 24 घंटों में मिले 76472 नए मरीज
अभी तक कोरोना के 26,48,999 मरीज ठीक हुए हैं, जिसके बाद देश में एक्टिव केस 7,52,424 बचे हैं।
नई दिल्ली। जैसे-जैसे अनलॉक-4 की गाइडलाइन लागू होने का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे देश में कोरोना वायरस के केस भी तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर ही देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के 76472 नए मरीज मिले हैं, जिसके बाद कुल केस बढ़कर 34,63,973 हो गए हैं। वहीं, पिछले एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 1021 लोगों की जान गई है और मृतकों की संख्या बढ़कर 62,550 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक अभी तक कोरोना के 26,48,999 मरीज ठीक हुए हैं, जिसके बाद देश में एक्टिव केस 7,52,424 बचे हैं।
Recommended Video

76 फीसदी के पार पहुंचा रिकवरी रेट
कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों के बीच मरीजों का रिकवरी रेट भी बढ़ रहा है, जो एक राहत की खबर है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अभी तक देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 26 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। शुक्रवार को ही कोरोना संक्रमित 60,177 मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट 76 फीसदी के पार पहुंच गया है।

अभी तक हो चुके हैं कोरोना के 4 करोड़ से ज्यादा टेस्ट
वहीं, देश में कोरोना वायरस की टेस्टिंग भी बड़ी संख्या में चल रही है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया है कि अभी तक देशभर में कोरोना वायरस के कुल 4,04,06,609 टेस्ट हो चुके हैं, जिनमें से 9,28,761 सैंपल टेस्ट पिछले 24 घंटों के भीतर किए गए हैं। पिछले कुछ दिनों में देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के केस तेजी से बढ़े हैं, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने टेस्टिंग डबल करने के आदेश दे दिए हैं।

दिल्ली में शुरू होगा तीसरा सीरोलॉजिकल सर्वे
दिल्ली में लोगों के अंदर एंटीबॉडी का पता लगाने के लिए तीसरा सीरोलॉजिकल सर्वे भी 1 सितंबर से 5 सितंबर के बीच शुरू हो रहा है। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि करीब 17 हजार लोगों पर यह सर्वे किया जाएगा। दिल्ली में पहला सीरोलॉजिकल सर्वे 27 जून से 10 जुलाई के बीच किया गया था। इस दौरान सर्वे में भाग लेने वाले 22.86 फीसदी लोगों के अंदर Sars-CoV-2 के खिलाफ विकसित हुई एंडीबॉडी का पता चला था। इसके बाद 1 अगस्त से 7 अगस्त के बीच दूसरा सीरोलॉजिकल सर्वे हुआ और इसमें 29.1 फीसदी लोगों के अंदर एंटीबॉडी मिली।












Click it and Unblock the Notifications