ट्रंप के पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने किया ट्वीट- भारत आपके आने का इंतजार कर रहा है
नई दिल्ली। आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला मिलेनिया ट्रंप भारत दौरे पर आ रहे हैं। उनके यहां पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है। प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों का भारत दौरे पर स्वागत किया है। उन्होंने कहा, 'भारत आपके आने का इंतजार कर रहा है। ये दौरा दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करेगा। आपसे जल्द ही अहमदाबाद में मुलाकात होगी।'

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कहा था कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए भारत उत्साहित है। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, 'भारत डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए उत्साहित है। यह सम्मान की बात होगी कि वो कल हमारे साथ होंगे, जिसकी शुरुआत अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम से होगी।'
प्रधानमंत्री गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के उस ट्वीट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था, 'पूरा गुजरात एक आवाज में कहता है -नमस्ते ट्रंप।' वहीं 11 फरवरी को प्रधानमंत्री ने ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला मिलेनिया ट्रंप (Melania Trump) के लिए 'वेलकम ट्वीट' किया था। उन्होंने कहा था कि 'डोनाल्ड ट्रंप और मिलेनिया ट्रंप 24 और 25 फरवरी को भारत का दौरा करेंगे।'
वहीं इस दौरे को लेकर ट्रंप ने कहा था कि वह इस माह अपनी भारत यात्रा को लेकर उत्सुक हैं और उन्होंने इस बात के संकेत दिए थे कि उनकी यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। व्हाइट हाउस द्वारा ट्रंप की भारत यात्रा की तारीखों की घोषणा के एक दिन बाद राष्ट्रपति ने कहा था, 'वह (मोदी) बहुत अच्छे इंसान हैं और मैं भारत जाने को उत्सुक हूं। हम इस माह के अंत में जाएंगे।'












Click it and Unblock the Notifications