INDIA एलायंस में पीएम उम्मीदवारी पर सिर फुटौव्वल और तेज, JDU-RJD ने कहा- नीतीश सबसे योग्य
इंडिया गठबंधन की अभी तीसरी ही बैठक हो रही है। सीटों के बंटवारे पर अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं है। लेकिन, प्रधानमंत्री की उम्मीदवारी को लेकर घमासान मचा हुआ है। लगभग हर पार्टी की ओर से अपने-अपने नेता को पीएम उम्मीदवार के तौर पर प्रोजेक्टर करने का सिलसिला जारी है।
बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन की दोनों ही महत्वपूर्ण पार्टियां जेडीयू और आरजेडी ने फिर से नीतीश कुमार के नाम पर दावा ठोक दिया है। इन दलों का कहना है कि नीतीश इसके लिए काबिल तो हैं ही, वही पीएम मोदी के लिए चुनौती भी बन सकते हैं।

आरजेडी ने भी नीतीश की उम्मीदवारी को आगे बढ़ाया
न्यूइंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक आरजेडी प्रवक्ता मृत्यंजय तिवारी ने भी नीतीश कुमार की पीएम उम्मीदवारी की जोरदार वकालत की है। उनके मुताबिक नीतीश अगर पीएम कैंडिडेट बनते हैं तो पीएम मोदी को चुनौती मिलेगी।
नीतीश से पीएम मोदी को चुनौती मिलेगी- मृत्युंज तिवारी
तिवारी ने कहा है, 'हम चाहते हैं कि नीतीश कुमार पीएम पद के उम्मीदवार हों। अगर नीतीश कुमार पीएम उम्मीदवार बन जाते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चुनौती मिलेगी। इस पर फैसला विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के सहयोगी दल लेंगे।'
जेडीयू नेता बोले पीएम उम्मीदवारी के लिए नीतीश सबसे योग्य
एक दिन पहले ही नीतीश की पार्टी जेडीयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ट नारायण सिंह ने मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें पीएम पद का सबसे योग्य उम्मीदवार बताया था। उन्होंने उनके केंद्रीय मंत्री रहने के अनुभवों पर जोर डालते हुए कहा, 'नीतीश को लंबे समय से गठबंधन सरकार चलाने का अनुभव है।'
उन्होंने कहा कि क्षमता, समझदारी, बुद्धि या विवेक हर तरह से नीतीश कुमार का व्यक्तित्व देश के लिए सक्षम है। उन्होंने कहा कि नीतीश में पीएम बनने लायक सारे गुण हैं और वे सबसे काबिल उम्मीदवार हैं। इनसे पहले जेडीयू की ओर से लंबे समय से नीतीश की उम्मीदवारी का मुद्दा उछाला जाता रहा है। हालांकि, ऑन रिकॉर्ड नीतीश खुद यही कहते आए हैं कि उनकी ऐसी कोई इच्छा नहीं है।
हम भी हैं रेस में!
बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) की ओर से पार्टी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने उद्धव ठाकरे को इंडिया गठबंधन की ओर से पीएम उम्मीदवार घोषित किए जाने की मांग की थीं। जबकि, समाजवादी पार्टी की ओर से इसकी प्रवक्ता जूही सिंह ने भी कहा है कि उन्हें लगता है कि अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री का चेहरा बनाया जाना चाहिए।
इससे पहले आम आदमी पार्टी की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने की वकालत की थी। हालांकि, बाद में पार्टी की ओर से इसे उनका निजी बयान बताकर इस मुद्दे से किनारा करने की भी कोशिश की गई।
ममता का भी आ चुका है नाम
कुछ हफ्ते पहले पूर्व अभिनेता और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पीएम पद का योग्य चेहरा बताया था। जबकि, कांग्रेस पार्टी तो अघोषित रूप से राहुल गांधी को बाय डिफॉल्ट पीएम उम्मीदवार की तरह पेश कर ही रही है।
दिलचस्प बात ये है कि इंडिया गठबंधन के तमाम दल यह भी कहते रहे हैं कि प्रधानमंत्री पद पर फैसला चुनाव के बाद लिया जाएगा। लेकिन, जिस तरह से तीसरी बैठक के पहले से ही दावेदारों की फौज खड़ी हो रही है, उससे कम से कम जनता के बीच सही संदेश जाए, इसकी गुंजाइश कम हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications