India- Canada: कनाडा के खिलाफ भारत का बड़ा एक्शन, 6 कनाडाई राजनयिक भेजे जाएंगे वापस
भारतीय हाई कमिश्नर संजय कुमार वर्मा को निज्जर हत्याकांड में 'पर्सन ऑफ इंटरेस्ट' के रूप में नामित करने पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। कनाडा पर कड़ी टिप्पणी के बाद भारत ने अपने राजनयिक वापस बुलाए। इसके बाद कनाडाई राजनयिकों से वापस जाने को कहा है। इसके लिए विदेश मंत्रायल ने 19 अक्तूबर तक का समय दिया है।
विदेश मंत्रालय ने सोमवार एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की। जिसमें कहा गया, "कनाडाई प्रभारी डी'एफेयर को आज शाम सचिव (पूर्व) द्वारा तलब किया गया था। उन्हें सूचित किया गया था कि कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त और अन्य राजनयिकों और अधिकारियों को आधारहीन निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य था...यह देखा गया कि उग्रवाद और हिंसा के माहौल में, ट्रूडो सरकार के कार्यों ने उनकी सुरक्षा को खतरे में डाल दिया। हमें उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की वर्तमान कनाडाई सरकार की प्रतिबद्धता पर कोई भरोसा नहीं है। इसलिए, भारत सरकार ने उच्चायुक्त को वापस बुलाने का फैसला किया है।"

इसके बाद विदेश मंत्रालय ने एक बड़ा एक्शन लिया। जिसके तहत कनाडाई राजनयिकों को वापस जाने को कहा गया। एक बयान में मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार ने 6 कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित करने का फैसला किया है। उन्हें शनिवार, 19 अक्टूबर, 2024 को रात 11:59 बजे तक या उससे पहले भारत छोड़ना है।
कनाडा के इन राजनयिकों को जाना होगा वापस
स्टीवर्ट रॉस व्हीलर, कार्यवाहक उच्चायुक्त
पैट्रिक हेबर्ट, उप उच्चायुक्त
मैरी कैथरीन जोली, प्रथम सचिव
लैन रॉस डेविड ट्राइट्स, प्रथम सचिव
एडम जेम्स चुइपका, प्रथम सचिव
पाउला ओरजुएला, प्रथम सचिव
बता दें कि भारत सरकार का ये कड़ा रिएक्शन ऐसे वक्त में आया है, जब निज्जर हत्याकांड को लेकर कनाडा के रुख से एक बार फिर द्विपक्षीय संबंधों में कड़वाहट आ गई। दरअसल, कनाडा ने सोमवार को भारतीय हाई कमिश्नर संजय कुमार वर्मा को निज्जर हत्याकांड में 'पर्सन ऑफ इंटरेस्ट' के रूप में नामित किया था, जिस पर भारत ने कड़ा विरोध जताते हुए आरोपों को 'बेतुका' बताया था।












Click it and Unblock the Notifications