कोरोना के खिलाफ भारत ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, 34 दिनों में 1 करोड़ लोगों को दी गई वैक्सीन
India Achieved Major Achievement, Coronavirus Vaccine Given To 1 Crore People In 34 Days
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ देश में जारी पहले चरण के टीकाकरण अभियान में केंद्र सरकार ने लगभग एक महीने के भीतर 1 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन देकर एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। इस आंकड़े के साथ भारत अब अमेरिका के बाद दूसरा ऐसा देश बन गया है, जहां कोरोना वायरस के खिलाफ सबसे ज्यादा तेजी से टीकाकरण अभियान चल रहा है। अमेरिका में एक करोड़ लोगों को वैक्सीन देने में 31 दिन और ब्रिटेन में 56 दिनों को समय लगा। वहीं, भारत ने 34 दिनों के भीतर इस उपलब्धि को हासिल कर लिया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 8 बजे तक संयुक्त तौर पर 1,01,88,007 स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना वायरस का टीका लगाया गया। इनमें 62,60,242 फ्रंटलाइन वर्कर्स और 6,10,899 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज और 33,16,866 फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी डोज दी गई। गौरतलब है कि कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज लेने के बाद 28 दिन की समय सीमा पूरी करने वाले लोगों को 13 फरवरी से दूसरी डोज देने का अभियान शुरू किया गया है।
महाराष्ट्र में फिर से बढ़ रहे कोरोना वायरस के केस
आपको बता दें कि शुक्रवार को देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के 13,193 नए मामले सामने आए, जबकि इस दौरान 10896 मरीज ठीक हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक दिन में कोरोना वायरस के कारण 97 मरीजों की मौत हुई है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के अंदर कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ा है। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए वर्धा में सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का फैसला लिया। इसके साथ ही कोरोना वायरस प्रोटोकॉ़ल को लेकर भी सरकार ने नियमों में सख्ती बढ़ा दी है।












Click it and Unblock the Notifications