प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
नई दिल्ली, 15 अगस्त। आज पूरा देश स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ बना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करके देशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके लिखा, आप सभी को 75वें स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत बधाई। आजादी के अमृत महोत्सव का यह वर्ष देशवासियों में नई ऊर्जा और नवचेतना का संचार करे। जय हिंद! बता दें कि 15 अगस्त के जश्न की तैयारी के लिए लाल किले को भव्य तरीके से सजाया गया है। आज होने वाले स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के लिए पुख्ता तैयारी की गई है और पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है।
Recommended Video

बता दें कि आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे तो दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर पुष्प वर्षा करेंगे। ऐसा पहली बार होगा जब 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे तो पुष्प वर्षा की जाएगी। आज के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में लाल किले पर टोक्यो ओलंपिक में शामिल खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। सभी खिलाड़ियों को पीएम मोदी की ओर से लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
ओलंपिक में भारतीय जेवलिन थ्रो के खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचते हुए गोल्ड मेडल जीता था। नीरज चोपड़ा समेत सभी 32 खिलाड़ी लाल किले पर आज के कार्यक्रम में शामिल होंगे जिन्होंने ओलंपिक में हिस्सा लिया था। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तकरीबन 240 ओलंपिक खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, साई और स्पोर्ट्स फेडरेशन के अधिकारी आज के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि कोरोना वॉरियर्स के लिए एक अलग ब्लॉक तैयार किया गया है। स्वास्थ्यकर्मियों को आज के कार्यक्रम में विशेष सम्मान दिया जाएगा क्योंकि उन्होंने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए कुल 20 जवान दस्ते में शामिल हैं जोकि भारतीय सेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस के जवान होंगे।












Click it and Unblock the Notifications