Independence Day: लाल किले से पाकिस्तान की धमकियों का PM मोदी ने दिया जवाब, कहा- 'खून और पानी साथ नहीं बहेंगे'
Independence day 2025: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल क़िले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को करारा संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का ज़िक्र करते हुए साफ़ कहा. "खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते।" सिंधु जल समझौते पर पाकिस्तान के धमकी भरे रवैये का जवाब देते हुए पीएम ने दो टूक कहा कि यह समझौता अब राष्ट्रहित में मंज़ूर नहीं है।
गौरतलब है कि सिंधु जल समझौता रद्द होने के बाद से ही पाकिस्तान की ओर से लगातार बयानबाज़ी और धमकियां दी जाती रही हैं। कभी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री, तो कभी सेना प्रमुख-और यहां तक कि स्थानीय नेता भी भारत को ललकारते रहे। आज पीएम मोदी ने लाल क़िले से इन सभी को सीधा और सख्त जवाब दे दिया।

'खून और पानी' अब एक साथ नहीं बहेंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारा देश कई दशकों से आतंक को झेलता आया है...अब हमने एक न्यू नॉर्मल प्रस्थापित किया है। आतंक को और आतंकियों को ताकत देने वालों को अब हम अलग-अलग नहीं मानेंगे...भारत ने तय कर लिया है कि परमाणु की धमकियों को अब हम सहने वाले नहीं है।
भारत की नदियों का पानी दुश्मन के खेतों को सींच रहा- PM
उन्होंने आगे कहा कि, पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत ने ठान लिया है 'खून और पानी' अब एक साथ नहीं बहेंगे। आज देशवासियों को यह भी भली-भांति समझ आ गया है कि सिंधु जल समझौता कितना अन्यायपूर्ण और एकतरफा रहा है। प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा, "भारत से निकलने वाली नदियों का पानी दुश्मन के खेतों को सींच रहा है, जबकि मेरे देश के किसान और मेरी धरती पानी के बिना प्यासी है। यह ऐसा समझौता था, जिसने सात दशकों से हमारे किसानों को अकल्पनीय नुकसान पहुँचाया।"
ये भी पढ़ें 79th Independence Day 2025 LIVE: प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना आज से लागू: PM मोदी
पाकिस्तान लगातार दे रहा था धमकी
सिंधु जल समझौते को लेकर पाकिस्तान लगातार गीदड़भभकियां दे रहा है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा, "अगर आप हमारे पानी को रोकने की धमकी देते हैं, तो याद रखिए, आप पाकिस्तान की एक बूंद पानी भी नहीं छीन सकते। अगर भारत ऐसा करने की कोशिश करेगा, तो उसे ऐसा जवाब देंगे कि वह अपने कान पकड़ लेगा।"
शहबाज के अगले ही दिन, पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जारदारी ने भी विवादित बयान देते हुए कहा कि संधि का निलंबन सिंधु घाटी सभ्यता पर हमला है। उन्होंने चेतावनी दी, "अगर भारत हमें युद्ध के लिए मजबूर करेगा, तो पाकिस्तान पीछे नहीं हटेगा।"
वहीं, अमेरिका के फ्लोरिडा में पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने तो और भी जहर उगला। उन्होंने कहा, "अगर भारत पानी रोकने के लिए बांध बनाएगा, तो हम उसे नष्ट कर देंगे।"
इन बयानों से साफ है कि पाकिस्तान, अपनी कमजोरी छिपाने के लिए तनाव भड़काने की कोशिश कर रहा है। आज लाल क़िले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन सभी धमकियों का सख्त जवाब देते हुए साफ कर दिया, "खून और पानी अब साथ-साथ नहीं बहेंगे।"
ये भी पढ़ें Independence Day 2025: सोशल मीडिया पर गूंजा PM मोदी का संदेश, किसी ने कहा प्रेरणादायक तो किसी ने उठाए सवाल












Click it and Unblock the Notifications