कश्मीर में चोटी कटवा: जानकारी देने वाले को मिलेंगे 6 लाख , हेल्पलाइन जारी
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे कुछ सुरक्षाकर्मियों का भी हाथ हो सकता है।
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर पुलिस ने चोटी कटवा को पकड़ने में सहायता करने वाले को 6 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। जम्मू-कश्मीर में चोटी काटने की घटना दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले से शुरू हुई थी और जल्दी ही यह घाटी के मध्य व उत्तरी जिलों में फैल गई। इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पिछले हफ्ते पुलिस ने तीन लोगों को संदेह के आधार पर पकड़ा था, लेकिन कोई सबूत नहीं मिलने पर बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

चोटी कटवा को पकड़वाने वाले को 6 लाख
कश्मीर घाटी में चोटी काटने की रहस्यमयी घटनाओं के प्रति लोगों में बढ़ते गुस्से के मद्देनजर पुलिस ने रविवार को ये घोषणा की। इससे पहले पुलिस ने तीन लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी। पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले शख्स या लोगों का नाम गोपनीय रखा जाएगा। चोटी काटने की रहस्यमय घटनाओं में जिन महिलाओं पर हमला हुआ, वे कुछ समय के लिए बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने पाया कि उनके बाल कटे हुए है।

पुलिस ने जारी की हेल्पलाइन
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे कुछ सुरक्षाकर्मियों का भी हाथ हो सकता है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के आदेश के बाद पुलिस ने इस रहस्य की जांच के लिए हर जिले में विशेष जांच टीमें गठित की हैं। दक्षिणी कश्मीर के डीआईजी ने बताया कि ल हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

दिल्ली पुलिस ने सुलझाया था एक केस
पिछले कई दिनों से चोटी काटने की खबरें लगभग पूरे देश से आ रही हैं। पिछले अगस्त महीने में तो ऐसी खबरों प्रतिदिन सुनने में आ रही थीं। कुछ दिनों पहले दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि राजधानी दिल्ली में चोटी काटने के एक केस को सुलझा लिया गया है। इस मामले में आरोपी एक पीड़िता के रिश्तेदार ही निकले थे।












Click it and Unblock the Notifications