PM Modi Rajya Sabha Speech: 40 सीटें, खड़गे और राहुल गांधी..., राज्यसभा में पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें
PM Modi Rajya Sabha Speech: संसद के बजट सत्र की शुरुआत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में जवाब दिया। लोकसभा में अपने संबोधन के बाद पीएम मोदी बुधवार को एक बार फिर कांग्रेस पर बरसे।
हमेशा की तरह अपने अंदाज में पीएम मोदी आक्रामक नजर आए। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इसी के साथ दावा करते हुए कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 40 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। ऐसे में जानिए पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें?

पीएम मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ उनके नेताओं को भी जमकर लपेटा। सबसे पहले कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को घेरा, फिर धीरे-धीरे पार्टी को घेरते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि जिनके पास नेता के रूप में कोई गारंटी नहीं है वे मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं।
प्वाइंट्स में जानिए पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
- पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल से आपके सामने चुनौती खड़ी हो गई है कि कांग्रेस 40 का आंकड़ा (लोकसभा चुनाव 2024 में) पार नहीं कर पाएगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 सीटें सुरक्षित करने में सक्षम हों।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "एक बात खुशी की रही कि उन्होंने (मल्लिकार्जुन खरगे) जो 400 सीट एनडीए के लिए आशीर्वाद दिया है और आपका आशीर्वाद मेरे सर आंखों पर।''
- पीएम मोदी ने कहा, "मेरा विश्वास पक्का हो गया है कि कांग्रेस पार्टी सोच से भी आउटडेटेड हो गई है। जब सोच ही आउटडेटेड हो गई है, तो इन्होंने अपना कामकाज भी आउटसोर्स कर दिया है। देखते ही देखते इतना बड़ा दल, इतने दशकों तक देश पर राज करने वाले दल का ऐसा पतन! हमें खुशी नहीं हो रही बल्कि हमारी आपके प्रति संवेदनाएं हैं।"
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से आई सरकारों को रातों-रात बर्खास्त कर दिया था, जिस कांग्रेस ने अखबारों पर भी ताले लगाने की कोशिश की थी, अब देश को तोड़ने का नैरेटिव उस कांग्रेस ने गढ़ना शुरू कर दिया है। अब देश को उत्तर-दक्षिण में तोड़ने के बयान दिए जा रहे हैं।"
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जिस कांग्रेस ने ओबीसी को पूरी तरह से आरक्षण नहीं दिया, कभी सामान्य वर्ग के गरीबों को आरक्षण नहीं दिया, जिसने बाबा साहब को भारत रत्न देने योग्य नहीं समझा, वह सिर्फ अपने परिवार को ही भारत रत्न देते रहे। वे अब हमें सामाजिक न्याय का उपदेश दे रहे हैं और पाठ पढ़ा रहे हैं। जिनके पास नेता के रूप में कोई गारंटी नहीं है वे मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं।'
- पीएम मोदी ने कहा कि नेहरू जी कहते थे कि अगर SC/ST, OBC को नौकरी में आरक्षण मिला तो सरकारी कामकाज का स्तर गिर जाएगा। आज जो ये आंकड़े गिनाते हैं, उसका मूल यही है। अगर उस समय सरकार में भर्ती हुई होती, तो वो प्रमोशन के बाद आगे बढ़ते और आज यहां पहुंचते।
- पीएम मोदी ने कहा, "एक बार नेहरू जी ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें लिखा था कि 'मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता और खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं। मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं जो अकुशलता को बढ़ावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाए।' इसी के आधार पर मैं कहता हूं कि कांग्रेस आरक्षण की जन्मजात विरोधी है।"












Click it and Unblock the Notifications