Aaj Ka Mausam: झुलसाए बेंगलुरु में भारी बारिश से राहत लेकिन गर्मी से तप रहा राजस्थान, 8 राज्यों में Rain Alert
Aaj Ka Mausam: मई की शुरुआत के साथ ही देश के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। उत्तर भारत, खासकर दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी और बारिश से गर्मी से राहत मिली है, जबकि राजस्थान, गुजरात और मध्य भारत में भीषण गर्मी जारी है। वहीं, दक्षिण भारत में प्री-मानसून की बारिश ने माहौल को सुहाना बना दिया है खासकर के बेंगलुरु में भारी बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है।
भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज भी कई राज्यों में बारिश की आशंका है, उसने 8 राज्यों में Rain Alert जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में आज हल्के बादल, धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 39-40°C और न्यूनतम 22-24°C तक रह सकता है। पंजाब-हरियाणा में भी मौसम मिला-जुला रहेगा, जहां तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) और हल्की बारिश से तापमान में 2-3°C की गिरावट आ सकती है।
जैसलमेर-बाड़मेर में लू का प्रकोप जारी
राजस्थान में मौसम के दो अलग मिजाज दिख रहे हैं। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में लू का प्रकोप जारी है, जहाँ तापमान 42-44°C तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वी हिस्सों में हल्की आंधी और बादल छाए रहेंगे, जिससे लोगों को फौरी राहत मिलेगी।
मध्य प्रदेश में रेन अलर्ट
मध्य प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में भी भीषण गर्मी बनी हुई है। हालांकि, भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में शाम को हल्की आंधी और बादल छा सकते हैं, जिससे तापमान 40°C के आसपास बने रहने की उम्मीद है।
यूपी में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी व मध्य भागों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि पूर्वी यूपी में गर्मी जारी रहेगी। लखनऊ का अधिकतम तापमान 34°C (न्यूनतम 24°C) रहेगा। अन्य प्रमुख शहरों में दिल्ली और जयपुर में 40°C, मुंबई में 33°C व चेन्नई में 36°C तक अधिकतम तापमान दर्ज हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश से मौसम सुहाना
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। 1 मई को कई जगह बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शिमला, मनाली, नैनीताल और मसूरी जैसे पर्यटन स्थलों पर ठंडी हवाएं चलने से तापमान सामान्य से 2-4°C नीचे रहने का अनुमान है।
गुजरात में भीषण गर्मी, मुंबई भी हुई गर्म
गुजरात में भीषण गर्मी पड़ रही है, कई जगह तापमान 42°C पार कर सकता है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी लू का असर देखा जा रहा है, जबकि मुंबई और तटीय इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत नम और गर्म रहेगा।
दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू
दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई हैं। कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी आंधी- बारिश की उम्मीद है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है। तो वहीं बीते दो दिनों से बेंगलुरु में भारी बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, यहां के तापमान में कमी आई है,आज भी आईएमडी ने यहां पर बारिश की संभावना व्यक्त की है।












Click it and Unblock the Notifications