अभी और सताएगी सर्दी, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बारिश के आसार, बढ़ेगी गलन
नई दिल्ली । इस वक्त पूरा उत्तर भारत हाड़ कंपाने वाली ठंड से गुजर रहा है, शीतलहर और कोहरे की मार से जूझ रहे उत्तर भारत के लिए आने वाले दिन और परेशानी भरे ही हैं क्योंकि भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में लोगों को शीतलहर और घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा, 31 दिसंबर, 1 और 2 जनवरी को पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, यूपी और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बरसात भी हो सकती है, जिससे तापमान में जोरदार गिरावट होगी, इस दौरान लोगों को संभलकर रहने की जरूरत है।
Recommended Video

31 दिसंबर और 1 जनवरी को बारिश के आसार
उत्तराखंड में भी नए साल का स्वागत बारिश के साथ होने जा रहा है, भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश में 1 या 2 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी की संभावना है, विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पहाड़ी इलाकों में पाला बढ़ने के आसार हैं, पिथौरागढ़ और चमोली में बारिश ज्यादा होगी इसलिए यहां के लोगों को ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है।

हवाई और ट्रेन यातायात प्रभावित
तो वहीं कोहरे का बुरा असर हवाई और ट्रेन यातायात पर भी पड़ा है, ठंड के कारण कई उड़ानें अपने निर्धारित वक्त से बहुत देरी से उड़ रही हैं तो बहुत सारे विमानों को डायवर्ट किया गया है, पारा गिरने के कारण ठंड भी काफी बढ़ चुकी है, आज राजधानी का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया, कई इलाकों में विजिबिलीटी 200 मीटर से नीचे पहुंच गई है तो वहीं 27 ट्रेनें अपने निर्धारित वक्त से लेट चल रही हैं।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश
तो वहीं स्काईमेट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान के कई हिस्सों में सर्द दिन की स्थिति बने रहने की उम्मीद है। कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ और मुंबई में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी।












Click it and Unblock the Notifications