IL&FS केस: पूर्व चेयरमैन रवि पार्थसारथी के ठिकानों पर ED का छापा
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम आईएल एंड एफएस से जुड़े मामले में मुंबई में छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि आईएल एंड एफएस से जुड़े कई लोगों के 4 से 5 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापेमारी की है। आईएल एंड एफएस के पूर्व चेयरमैन रवि पार्थसारथी के कई ठिकानों पर भी ईडी ने छापेमारी है। ईडी ने आईएल एंड एफएस के पूर्व अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

प्रवर्तन निदेशालय ने आईएल एंड एफएस के पूर्व डायरेक्टर रवि पार्थसारथी के खिलाफ भी मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। प्रवर्तन निदेशालय ने आईएल एंड एफएस के बीकेसी स्थित कार्यालय और पूर्व अधिकारियों के ठिकानों सहित विभिन्न कार्यालयों में छापेमारी की है। इनकम की गलत जानकारी, संदिग्ध लेन-देन, हितों का टकराव, प्रमुख कर्मचारियों के निजी हितों के सामने आने के बाद इस मामले में केस दर्ज किया गया है।
लगभग 90 हजार करोड़ के कर्ज में डूबने की खबरों के बाद आईएल एंड एफएस पिछले साल चर्चा में आई थी। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) भी नकद-अर्जित आईएल एंड एफएस की जांच कर रही है जबकि आपराधिक साजिश और जालसाजी के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज किया गया है।
वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में ही आईएल एंड एफएस के कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ईडी की रडार पर आए हैं और प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज करने के बाद आज मुंबई में छापेमारी की है। आईएल एंड एफएस पर कुल 90,000 करोड़ रुपये का कर्ज है। इसमें सबसे ज्यादा हिस्सेदारी सरकारी कंपनियों की है।












Click it and Unblock the Notifications