IGL ने CNG-PNG के दाम में किया बढ़ोत्तरी का ऐलान, जानिए कितनी महंगी हुई
नई दिल्ली, 14 अप्रैल। महंगाई की मार आम जनता पर लगातार बढ़ती ही जा रही है। जिस तरह से पहले पेट्रोल-डीजल के दाम में आग लगी उससे लोगों की जेब पर भारी दबाव पड़ा। अब इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने सीएनजी और घरेलू पीएनजी गैस के दाम बढ़ा दिए हैं। आईजीएल ने डॉमेस्टिक पाइप्ड नैचुरल गैस के दाम में 4.25 रुपए प्रति एससीएम की बढ़ोत्तरी की है। आईजीएल की ओर से की गई बढ़ोत्तरी आज से लागू हो गई है। जिसके बाद दिल्ली में पीएनजी के दाम 45.86 रुपए प्रति एससीएम हो गए हैं। वहीं सीएनजी के दाम में 2.5 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोत्तरी की गई है। जिसके बाद दिल्ली में सीएनजी के दाम 71.61 रुपए प्रति किलोग्राम हो गए हैं।
Recommended Video

अलग-अलग शहरों में पीएनजी के दाम
बढ़ी हुई कीमतें आज सुबह से ही लागू हो गई हैं। बढ़ोत्तरी के बाद गुरुग्राम में पीएनजी के दाम 44.06 रुपए प्रति एससीएम हो गए है जबकि नोएडा में 45.96 रुपए प्रति एससीएम हो गए हैं। कर्नाल रेवाड़ी में 44.67 रुपए, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली में 49.67 रुपए , अजमेर, पाली, राजस्थान में 51.28 रुपए , कानपुर,हमीरपुर,फतेहपुर में 48.60 रुपए प्रति एससीएम हो गए हैं।
अलग-अलग शहरों में सीएनजी के दाम
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में सीएनजी के दाम 74.17 रुपए प्रति किलो, गुरुग्राम में 79.94 रुपए प्रति किलो हो गए हैं। मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली में 78.84 रुपए प्रति किलो, रेवाड़ी में 82.07 रुपए, कर्नाल और कैथल में 80.27 रुपए प्रति किलो, कानपुर हमीरपुर फतेहपुर में83.40 रुपए प्रति किलो, अजमेर, पाली में 81.88 रुपए प्रति किलोग्राम तक दाम पहुंच गए हैं।
एक महीने में पीएनजी के दाम दो बार बढ़े
इससे पहले 1 अप्रैल को पीएनजी के दाम में बढ़ोत्तरी की गई थी, उस वक्त 16.5 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई थी। उस वक्त कंपनी की ओर से कहा गया था कि पीएनजी के दाम में 5.85 रुपए प्रति एससीएम की बढ़ोत्तरी की जा रही है, जोकि 1 अप्रैल 2022 से लागू हो जाएगी। इससे पहले 1 मार्च को भी पीएनजी के दाम में बढ़ोत्तरी की गई थी। उस वक्त पीएनजी के दाम में 1 रुपए प्रति एससीएम की बढ़ोत्तरी की गई थी।









Click it and Unblock the Notifications