विनय मोहन क्वात्रा होंगे भारत के नए विदेश सचिव, हर्षवर्धन शृंगला की लेंगे जगह
नई दिल्ली, 4 अप्रैल: भारत सरकार ने भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी विनय मोहन क्वात्रा को नया विदेश सचिव नियुक्त किया है। अभी तक क्वात्रा नेपाल में भारत के राजदूत के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें विदेश सेवा में 32 साल से ज्यादा का अनुभव है और वो फ्रांस जैसे कई बड़े देशों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिस वजह से सरकार ने विदेश सचिव के लिए उनका नाम फाइनल किया।

भारत सरकार के मुताबिक वर्तमान विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने 29 जनवरी 2020 को पदभार ग्रहण किया था। वो इस महीने के अंत में रिटायर होने वाले हैं। उनके बाद विनय मोहन विदेश सचिव पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके नाम पर मुहर लगा दी, जिस पर सोमवार को विस्तृत आदेश जारी कर दिया गया। 2020 में नेपाल में अपनी राजनयिक पोस्टिंग से पहले उन्होंने अगस्त 2017 से फरवरी 2020 तक फ्रांस में भारत के राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।
पीएम कार्यालय में भी किया था काम
आपको बता दें कि क्वात्रा 1988 बैच के IFS हैं। उन्होंने वाशिंगटन डीसी, बीजिंग में भारत के राजनयिक मिशनों में अहम पदों पर कार्य किया है। इस वजह से उनको विदेश सेवा में 32 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव की भी जिम्मेदारी निभाई थी। क्वात्रा ने विदेश मंत्रालय के नीति नियोजन और अनुसंधान प्रभाग का भी नेतृत्व किया और बाद में विदेश मंत्रालय में अमेरिका विभाग के प्रमुख के रूप में कार्य किया। उस दौरान वो अमेरिका और कनाडा के साथ भारत के संबंधों को देखते थे।
नेपाल से टूटते रिश्ते को संभाला
पिछले कुछ सालों से भारत और नेपाल के रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी। मार्च 2020 में क्वात्रा ने नेपाली दूतावास में कामकाज संभाला। उस वक्त तत्कालीन पीएम केपी शर्मा ओली भारत विरोधी बयान दे रहे थे, तो वहीं चीन से नेपाल की नजदीकियां भी बढ़ रही थीं। इस मुश्किल हालात में भी क्वात्रा ने भारत-नेपाल के बीच विवाद को कम करने की कोशिश की, साथ ही टूटते रिश्ते को भी संभाला।












Click it and Unblock the Notifications