सीईओ चंदा कोचर पर लगे आरोपों की स्वतंत्र जांच कराएगा ICICI बैंक
नई दिल्ली। आईसीआईसीआई बैंक ने बुधवार को कहा है कि बैंक की एमडी और सीईओ चंदा कोचर के खिलाफ वो वीडियोकॉन कर्ज मामले में स्वतंत्र जांच कराएगा। विसिल ब्लोअर की शिकायत पर बैंक ने चंदा कोचर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। इसके लिए एक जांच कमेटी बनाई गई है।

विडियोकॉन ग्रुप के वेणुगोपाल धूत को आईसीआईसीआई बैंक की तरफ से दिए गए लोन के मामले में चंदा कोचर सवालों के घेरे में हैं। मामले में मंगलवार को बैंक की निदेशक मंडल की बैठक में चंदा कोचर के खिलाफ जांच की मंजूरी दी गई।
आईसीआईसीआई बैंक ने रेग्युलेटरी फाइलिंग में बताया है कि ऑडिट कमिटी इस मामले में आगे फैसला लेगी। कमेटी जांच टीम का मुखिया, शर्तें और समय अवधि तय करेगी। फाइलिंग में कहा गया है कि जांच का दायरा काफी बड़ा होगा और जांच के दौरान सामने आने वाले सभी फैक्ट्स और संबंधित मामलों को भी शामिल किया जाएगा। फॉरेंसिक, ई-मेल रीव्यू और संबंधित व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
बैंक के कुछ डायरेक्टर्स चंदा कोचर के पद पर बने रहने का विरोध कर रहे हैं, हालांकि पिछले महीने आईसीआईसीआई बैंक के बोर्ड ने चंदा कोचर पर पूरा विश्वास जताने की बात कही थी लेकिन बोर्ड में कुछ सदस्यों का मानना है कि कर्ज मामले में निष्पक्ष जांच तक चंदा कोचर को सीईओ पद छोड़ देना चाहिए।
सीबीआई 2012 में वीडियोकॉन समूह को आईसीआईसीआई बैंक की ओर से मिले 3250 करोड़ रुपये के लोन मामले की जांच कर रही है। मामले में चंदा कोचर के पति दीपक कोचर की कंपनी 'नूपॉवर रिन्यूएबल्स' के निदेशक उमानाथ वैकुंठ नायक से पूछताछ कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications