'पात्रों को गलत तरीके से हाईलाइट किया', Netfilx सीरीज 'IC-814-द कंधार हाईजैक' पर केबिन क्रू चीफ
IC 814 Kandhar Hijack Controversy: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज हुई सीरीज 'आईसी-814 - द कंधार हाईजैक' को लेकर विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विवाद में नया मोड़ तब आया, जब अपहृत विमान के केबिन क्रू के प्रमुख अनिल शर्मा ने इस सीरीज की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि इस सीरीज के निर्माताओं ने 'सुविधा के लिए' कहानी में कई बदलाव किए हैं, जिससे उन्हें और अन्य पात्रों को गलत तरीके से हाईलाइट किया गया है।

केबिन क्रू प्रमुख अनिल शर्मा की प्रतिक्रिया (Cabin Crew Chief Anil Sharma Reaction)
न्यूज 9 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनिल शर्मा, जो उस समय के केबिन क्रू प्रमुख थे, ने बताया कि उन्होंने सीरीज देखना शुरू किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं देख सके, क्योंकि यह उनके लिए बेहद दर्दनाक अनुभव था। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि उन्होंने पूरी कहानी को थोड़ा ज्यादा ही उलझा दिया है। शुरू में मुझे लगा कि लोग थोड़े ज़्यादा नाराज हैं...लेकिन मुझे एहसास हुआ कि इस मुद्दे पर इतना हंगामा क्यों हो रहा है, इसके पीछे कुछ तो है। जिस तरह से चीजों को दिखाया गया है, उससे मैं सहमत नहीं हूं।
हाईजैकर्स के नाम बदलने पर विवाद (Hijackers Name Changing Controversy)
शर्मा ने सोशल मीडिया पर चल रहे आक्रोश का समर्थन भी किया, जिसमें दर्शक अपहरणकर्ताओं के नाम बदलने पर सवाल उठा रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने #BoycottNetflix, #BoycottBollywood और #IC814 जैसे हैशटैग का इस्तेमाल किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि सीरीज के निर्माताओं ने आतंकवादियों के नाम बदलकर 'शंकर' और 'भोला' कर दिए हैं, जिससे एक खास समुदाय की पहचान को छिपाया जा सके।
नौकरशाही की छवि पर अनिल शर्मा की आपत्ति
शर्मा ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि सीरीज में नौकरशाही को जिस तरह से दिखाया गया है, वह वास्तविकता से बहुत दूर है। उन्होंने बताया कि सीरीज में दिखाए गए एक वार्ताकार, अजीत डोभाल, जिनसे वे कई बार मिल चुके हैं, को एक गंभीर और प्रोफेशनल व्यक्ति के रूप में जानते हैं। लेकिन, सीरीज में उन्हें कुछ हद तक हास्यप्रद तरीके से पेश किया गया है, जो वास्तविकता से मेल नहीं खाता।
हाईजैकर्स की हिंसक हरकतों पर सवाल
शर्मा ने सीरीज में अपहरणकर्ताओं द्वारा किए गए हमलों को भी अवास्तविक बताया। उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ताओं ने किसी पर हमला नहीं किया था, सिवाय सबसे जूनियर फ्लाइट पर्सर के, जैसा कि सीरीज में दिखाया गया था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या ये परिवर्तन स्क्रिप्ट को और अधिक रोचक बनाने के लिए जरूरी थे, क्योंकि इससे केवल अनावश्यक विवाद ही उत्पन्न हुआ है।
विवाद के बाद सरकार की प्रतिक्रिया
इस विवाद के बीच, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स इंडिया के कंटेंट प्रमुख को तलब किया। इसके बाद, नेटफ्लिक्स ने सीरीज के शुरुआती अस्वीकरण में संशोधन कर अपहरणकर्ताओं के वास्तविक और कोड नाम शामिल किए।












Click it and Unblock the Notifications