ब्रिटेन से पहुंची ऑक्सीजन, सप्लाई लेकर चेन्नई में उतरा IAF का एयरक्राफ्ट
चेन्नई, 4 मई। भारतीय वायु सेना का एक और हवाई जहाज कुछ ही घंटों में ब्रिटेन से मेडिकल सहायता लेकर चेन्नई में उतर चुका है। यह हवाई जहाज 450 ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर पहुंचा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस बारे में जानकारी देते कहा कि ब्रिटेन की इस मदद की हम बहुत कद्र करते हैं।

भारतीय वायुसेना से मिली जानकारी के अनुसार वायु सेना का सी17 ग्लोबलमास्टर 3 ब्रिटेन से 37 टन ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर मंगलवार को सुबह साढ़े 11 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरा। इस एयरक्राफ्ट ने जामनगर एयरबेस से 2 मई को उड़ान भरी थी। एयरक्राफ्ट ने ब्रेज नॉर्टन और काहिरा में हाल्ट लिया था।
पीएम मोदी ने जॉनसन से की बात
वहीं मंगलवार को भारतीय प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री से बात की है। पश्चिम यूरोप के ज्वाइंट सेक्रेटरी संदीप चक्रवर्ती ने बताया कि पीएम मोदी और ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन ने वैश्विक महामारी की स्थिति और इसके खिलाफ लड़ाई में सहयोग को लेकर चर्चा की है। पीएम मोदी ने भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान ब्रिटेन के मेडिकल सहायता भेजने के लिए ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन को धन्यवाद कहा है।
संदीप चक्रवर्ती ने बताया कि ब्रिटेन सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वालों में से एक था। जो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, सिलिंडर और वेंटिलेटर समेत महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण भेज रहा था। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने ऑक्सफोर्ड /एस्ट्राजेनेका के सहयोग के माध्यम से सफल वैक्सीन साझेदारी पर भी चर्चा की।
दोनों नेता वैक्सीन, चिकत्सकीय और नैदानिक साझेदारी को बढ़ाने और संयुक्त रिसर्च के माध्यम से नाक के टीके समेत, निमायक और क्लीनिकल ट्रायल के सहयोग पर भी सहमत हुए।












Click it and Unblock the Notifications