एमपी के सियासी नाटक पर सचिन पायलट ने कहा-जल्द निपट जाएगा मामला, राज्य को स्थिर सरकार की जरूरत
भोपाल। मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार सोमवार को बड़े संकट में घिर गई है। सोमवार को प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ बैठक में शामिल सभी 20 कैबिनेट मंत्रियों ने अपना इस्तीफा सौंप दिया। इन सभी मंत्रियों के इस्तीफे को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्वीकार कर लिया है तो वहीं एमपी में चल रहे सियासी नाटक पर राजस्थान के डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इसे सुलझा लिया जाएगा।

सचिन पायलट ने दिया बड़ा बयान
मीडिया से बात करते हुए राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि मध्यप्रदेश में मौजूदा संकट जल्द ही समाप्त हो जाएगा, सभी नेता मतभेदों को हल करने में सक्षम होंगे। चुनावी वादों को पूरा करने के लिए राज्य को एक स्थिर सरकार की जरूरत है।

मैं गलत लोगों को सफल नहीं होने दूंगा: कमलनाथ
तो वहीं दूसरी ओर मंत्रियों के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मैं उन ताकतों को सफल नहीं होने दूंगा जो माफिया की मदद से अस्थिरता लाना चाहते हैं। मेरी सबसे बड़ी ताकत मध्य प्रदेश के लोगों का प्यार और विश्वास है। मैं उन ताकतों को सफल नहीं होने दूंगा जो सरकार को अस्थिर करना चाहते हैं, यह सरकार लोगों ने बनाई है।

सरकार बची हुई है, पूरे 5 साल चलेगी: पीसी शर्मा
वहीं कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने कहा कि सभी मंत्रियों ने बैठक में इस्तीफा दे दिया। हमने अपील की है कि फिर से राज्य की कैबिनेट का गठन किया जाए और प्रदेश में भाजपा द्वारा पैदा की गई स्थिति से निपटा जाए। सरकार बची हुई है, पूरे 5 साल चलेगी।

स्वाइन फ्लू से पीड़ित हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया: दिग्विजय सिंह
राज्य में शुरू हुई सियासी उठापटक के बाद दिल्ली से लेकर भोपाल तक बैठकों का दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेसी सांसद दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, हमने ज्योतिरादित्य सिंधिया से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बताया जा रहा है कि वह स्वाइन फ्लू से पीड़ित हैं, इसलिए उनसे बात नहीं हो पाई है। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि, जो सही कांग्रेसी है वह कांग्रेस में ही रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications