कोरोना मरीज ने मौत से पहले वीडियो में खोली अस्पताल की पोल, बोला- मैं सांस नहीं ले पा रहा पापा..
हैदराबाद: कोरोना वायरस से संक्रमित एक युवक ने मौत से कुछ देर पहले एक वीडियो बनाया। जिसमें उसने हैदराबाद के सरकारी अस्पताल की पोल खोल दी। इस दौरान उसने बताया कि उसे ऑक्सीजन और वेंटिलेटर नहीं मिल रहा, जिस वजह से वो सांस नहीं ले पा रहा है। वीडियो बनाने के एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि अस्पताल ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।
Recommended Video

'Bye-Bye पापा'
जानकारी के मुताबिक रवि नाम के एक युवक को 24 जून को चेस्ट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस बीच शुक्रवार को उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। वेंटिलेटर नहीं होने के चलते वो सांस नहीं ले पा रहा था। इसके बाद रवि ने एक वीडियो बनाया। जिसमें उसने कहा कि डैडी, मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं....मुझे ऑक्सीजन नहीं मिल रहा....मेरी धड़कन रुक गई है... Bye-Bye पापा...इस वीडियो के एक घंटे बाद रवि की मौत हो गई।

10 अस्पतालों ने इलाज से किया इनकार
रवि के पिता के मुताबिक जब वो अंतिम संस्कार करके लौटे तो उन्होंने ये वीडियो देखा। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 10 अस्पतालों ने उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया। उसके बाद वो उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। उनका आरोप है कि अस्पताल ने वेंटिलेटर हटा दिया था। जिस वजह से उसे सांस लेने में दिक्कत हुई और तीन घंटे तड़पने के बाद उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि जो मेरे बेटे के साथ हुआ वो किसी और के साथ नहीं होना चाहिए, आखिर क्या वजह थी कि उसको ऑक्सीजन नहीं मिली। क्या किसी को बहुत ज्यादा इमरजेंसी थी, जो उसका ऑक्सीजन दे दिया गया।

अस्पताल ने दी सफाई
रवि के पिता के मुताबिक वो, उसकी मां, पत्नी, भाई, भाभी और साले उसके संपर्क में आए थे, लेकिन कोई उनका टेस्ट करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि रवि के एक बेटी और बेटा है, दोनों को नहीं पता कि उनके पिता की मौत हो गई है। वहीं मामले में अस्पताल प्रबंधन का भी बयान सामने आया है। जिसके मुताबिक रवि 24 जून को उसके यहां भर्ती हुआ था, जबकि 26 को उसकी मौत हो गई। अस्तपाल के कर्मचारियों ने वेंटिलेटर और ऑक्सीजन नहीं हटाया था। उन्होंने बताया कि रवि जब भर्ती हुआ तो उसके फेफड़े बहुत ज्यादा संक्रमित हुए थे। इसके अलावा उसके हार्ट पर भी बुरा असर पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications