पत्नी के चरित्र पर शक करता था पति, बच्चों के सामने ही कर दी निर्मम हत्या और फिर...
नई दिल्ली। करावल नगर में एक दिन दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शख्स ने चरित्र पर शक होने के चलते पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसने अपने हाथ की नस भी काट ली और खुद ही थाने पहुंच गया। हैरान करने वाली बात ये थी कि आरोपी ने अपने तीन बच्चों के सामने ही घटना को अंजाम दिया और शव को उन्हीं के पास छोड़कर थाने पहुंच गया। जो बेटा सबसे बड़ा है उसकी उम्र 9 साल है। पुलिस जब घर पहुंची तो पाया कि तीनों बच्चे मां की लाश के पास बैठे हैं। उन्हें यह भी पता नहीं था कि उनकी मां अब कभी नहीं उठेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हत्यारे पति को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी हीरा लाल अपनी पत्नी डॉली (28) और बेटे आकाश आकाश (9), दीपांशु (3) व बेटी माही (6) के साथ मकान नंबर-846, गली नंबर 16, फेज-छह, शिव विहार, करावल नगर में रहता था। वह प्लंबर का काम करता था। पुलिस ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसे लेकर दोनों बीच अकसर झगड़ा भी होता था। शुक्रवार रात वह काम खत्म कर घर पहुंचा था। तब तक पत्नी ने खाना नहीं बनाया था। इसको लेकर फिर से झगड़ा हो गया। हीरा लाल ने बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद डॉली की पहले लात-घूंसों से पिटाई की। इसके बाद उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बच्चों के कमरे में पलंग पर छोड़ दिया। बाहर आकर उसने रसोई में रखी चाकू से अपने हाथ की नस काट लिया। इसके बाद वह थाने पहुंचा और बताया कि वह खुदकशी करना चाहता था, लेकिन हिम्मत नहीं हुई। रात 8:15 बजे पुलिस घर पर पहुंची तो पलंग पर शव पड़ा था। वहीं पर बच्चे भी खेल रहे थे। बच्चों को लगा कि पिता से झगड़े के बाद उनकी मां सो रही है। पुलिस ने तीनों बच्चों को रिश्तेदार के संरक्षण में छोड़ दिया है।












Click it and Unblock the Notifications