जीतन राम मांझी ने NDA को बताया 'नागराज', महागठबंधन को 'सांपराज'
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी एक बार फिर अपने बयान के कारण सुर्खियों में हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में एनडीए को नागराज तो महागठबंधन को सांपराज बता दिया। जीतनराम मांझी के इस बयान के बाद आरजेडी और कांग्रेस चुप है। उनकी ओर से मांझी बयान पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आया है। पत्रकारों ने जब मांझी से इसे और स्पष्ट करने के लिए कहा तो उन्होंने कहा आप लोग खुद समझदार हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे।

बिहार के औरंगाबाद में एक राजनीतिक कार्यक्रम में भाग ले रहे मांझी से जब पत्रकारों ने राजग और महागठबंधन के विषय में पूछा तो उन्होंने सीधे कोई बयान ना देते हुए कहा कि, देखिए, हम लोग कहते हैं न कि एक सांपराज होता है और एक नागराज होता है। नागराज के फुंफकारने से लोग मर जाते हैं और सांपराज अगर काट भी दे तो कहीं न कहीं मंत्र रहता है, जिससे आदमी बच जाता है। मांझी से जब इस बयान को और स्पष्ट करने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि, आप लोग खुद समझदार हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे।
मांझी के इस बयान को को महागठबंधन पर लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर दबाव बनाने के रूप में देखा जा रहा है। क्योंकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वृशिण पटेल ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मोर्चा को पर्याप्त सीट नहीं मिलने पर वह चुनावी प्रक्रिया में जाएगा ही नहीं। सभी दल अधिक से अधिक सीट चाहते हैं। लेकिन यह भी उन्हें देखना होगा कि अपनी हैसियत से ज्यादा सीट वे नहीं मांगें। चुनाव की लड़ाई आगे कठिन है। उसमें किसी दल को अपना वर्तमान नहीं बिगाड़ना चाहिए।
इससे पहले भी मांझी कह चुके हैं कि अगर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को सम्मानजनक सीटें नहीं मिलती है, तो उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। अब आरजेडी इस मुद्दे पर बचती नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications