कैसे कॉल्स और एसएमएस से किया जाता है उत्पीड़न, VIDEO में महिलाओं ने सुनाई अपनी सच्ची कहानी
नई दिल्ली। Truecaller ने अपनी एक इनसाइट रिपोर्ट शेयर की है। जिसमें उसने बताया है कि किस तरह लोगों को स्पैम कॉल्स और मैसेजिस से परेशान किया जाता है। इन्हीं आंकड़ों में ये भी बताया गया है कि इस तरह की कॉल्स से महिलाओं को किस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। कॉल्स और एसएमएस के जरिए महिलाओं के साथ किस तरह उत्पीड़न किया जाता है। Truecaller ने आंकड़ों में बताया है कि भारत में हर 10 में से 8 महिलाओं को उत्पीड़न और परेशान करने के लिए स्पैम कॉल्स आते हैं। वहीं ब्राजील में ऐसा हर 10 में से 9 महिलाओं के साथ होता है।

महिला दिवस पर लॉन्च किया #ItsNOTOK
महिला दिवस के मौके पर महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए Truecaller ने #ItsNOTOK नामक अभियान शुरू किया था। जिसका मकसद था, उत्पीड़न करने वाले इन कॉल्स और एसएमएस की रिसर्च और कहानियों को लोगों के साथ शेयर करना। Truecaller ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो के शुरुआत में लिखा है, ये इंटरव्यू अनस्क्रिप्डेट हैं और कहानियां सच्ची हैं। वहीं इसमें उन महिलाओं ने अपनी कहानियां साझा की हैं, जिनके साथ वास्तव में इस तरह का उत्पीड़न हुआ है।

'जितना रोकने की कोशिश की वो उतनी ही भेज रहा था'
वीडियो में दिखाई दे रही महिला कहती है, 'पहली बार जब उसने मुझे एक तस्वीर भेजी, तब मैं कुछ समझ नहीं पाई। ऐसा लग रहा था कि जितना मैं उसे रोकने की कोशिश कर रही हूं, उतनी ही वो भेजता जा रहा है।' एक अन्य महिला कहती है, 'मुझे लगातार कॉल्स आ रहे थे और दूसरी तरफ से कोई नहीं बोल रहा था। मुझे भारी सांस लेने की आवाजें और इस तरह की अजीब आवाजें आ रही थीं।' तीसरी महिला कहती है, 'हां, बहुत सी अपमानजनक चीजें। वो काफी घिनौनी थीं। कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनके स्वभाव में दूसरों को परेशान करना होता है। बिना किसी कारण के, इसका कोई साफ कारण ही नहीं है।'

'पुलिसकर्मी पर कैसे रिपोर्ट करूं?'
वीडियो में चौथी महिला कहती है, 'आपके पास मैसेज आता है और लगता है कि वह सच्चा है। क्योंकि आप एक व्यापार में हैं, आप सेल्स का काम भी करते हैं। तो सोचते हैं कि ये कोई ऐसा शख्स हो सकता है जो कुछ बात करना चाहता हो। फिर मैसेज के बाद वो दूसरा रास्ता चुनता है। वह कुछ और करने लगता है।' पांचवीं महिला कहती है, 'मुझे इन सबसे काफी असहज महसूस हुआ क्योंकि वो एक पुलिसकर्मी है। कैसे मैं एक पुलिसकर्मी पर रिपोर्ट करूं? शुरुआत में मैं सच मैं खो सी गई थी, तब मैंने अपने माता-पिता से बात की, कि अब क्या करूं।'

'आप केवल संदेह कर सकते हैं'
छठी महिला कहती है, 'आपका फोन आपपर ही हमला करने का जरिया है। और ऐसा कुछ नहीं है जो आप कर सकें। क्योंकि आप इस बात का पता ही नहीं लगा सकतीं कि वो कौन था। आप केवल संदेह कर सकते हैं, हमेशा संदेह रहता है। कोई मुझे नुकसान पहुंचा सकता था, कोई मुझे नुकसान पहुंचाना चाहता था। लेकिन मुझे कभी पता नहीं चल सका कि वो किसने किया।' सातवीं महिला कहती है, 'फिर मैंने उस सेम समय में बस लेना बंद कर दिया, फिर ऐसे मैसेज आने लगे "हे, मैं आज सच मैं तुम्हें याद कर रहा हूं।" तो मैंने पूरी तरह बस से नहीं जाने का फैसला लिया और कैब लेना शुरू कर दिया।'

बिना वजह महिलाओं को किया जाता है परेशान
आठवीं महिला कहती है, 'मैंने उससे कहा, मैं अपने संवाद में पूरी तरह पारदर्शिता और खुलापन पसंद करती हूं। तुम्हें अब ये सब बंद करना होगा, मेरे पास करने के लिए बहुत काम हैं। मैंने उससे कहा, जब तुम मुझे कुछ लिखकर भेजोगे, तो मैं तुरंत जवाब नहीं दे सकती। वो ऐसा आदमी है, जिसे मैं नहीं जानती। जो वो कर रहा था मैंने उसे वो करने की वजह भी कभी नहीं दी थी।' वीडियो के आखिर में लिखा आता है, 'दुनियाभर में महिलाओं को रोजाना सैक्सुअल और अनुचित कॉल्स एंव एसएमएस आते हैं।' इसमें आगे बताया गया है कि इसपर कार्रवाई करने के लिए www.truecaller.com/againstharassment पर जाएं।
Truecaller ने बताया- किस समय आते हैं ज्यादा स्पैम कॉल, भारत सहित कौन से देश हैं अधिक परेशान












Click it and Unblock the Notifications