रानू मंडल की लोकप्रियता पर लता मंगेशकर की प्रतिक्रिया से नाराज हुए फैंस, जानिए क्या कहा
नई दिल्ली। लता मंगेशकर के गाने 'इक प्यार का नगमा है' गाकर सुर्खियों में आई रानू मंडल की जिंदगी ही बदल गई है। एक समय था जब रानू मंडल पश्चिम बंगाल के एक रेलवे स्टेशन पर गाना गाकर अपना गुजारा करती थीं। इसी दौरान उनके गाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद रानू नई सिंगिंग सेंसेशन बन कर उभरीं। यही नहीं इसके बाद उन्होंने रिएलिटी शो से लेकर बॉलीवुड फिल्म के लिए भी गाना गाया है। रानू मंडल की कामयाबी पर खुद लता मंगेशकर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रानू मंडल की सफलता पर खुशी जताई, साथ ही नसीहत देते हुए कहा कि नकल कभी भी सफलता का टिकाऊ साधन नहीं है। हालांकि, रानू मंडल को लेकर लता मंगेशकर की नसीहत पर कई यूजर्स ने सवाल खड़े किए हैं।

रानू मंडल को लता मंगेशकर ने दी थी ये खास नसीहत
एक साक्षात्कार के दौरान रानू मंडल को लेकर पूछे गए सवाल पर लता मंगेशकर ने कहा था कि अगर मेरे नाम और काम से किसी का भला होता है तो मैं अपने आपको खुशकिस्मत समझती हूं। उन्होंने ये भी कहा कि मुझे यह भी लगता है कि किसी की नकल करना सफलता का विश्वसनीय और लंबे दौर तक टिकाऊ साधन नहीं है। मेरे गाने गाकर या किशोर दा (किशोर कुमार), या रफी साब (मोहम्मद रफी), या मुकेश भैया या आशा (भोसले) के गाने गाकर, कोई नया सिंगर कुछ समय के लिए ध्यान आकर्षित कर सकता है, लेकिन ये ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकता है।
यूजर्स ने लता मंगेशकर के कमेंट पर उठाए सवाल
लता मंगेशकर ने नए सिंगर्स को सलाह दिया कि ओरिजिनल बनें। इसका मतलब ये है कि भले ही आप मेरे और मेरे सहयोगियों की ओर से गाए सदाबहार गीत गाते हैं, लेकिन एक समय के बाद गायक को अपना गाना खुद ढूंढना चाहिए। रानू मंडल को लेकर लता मंगेशकर की इस टिप्पणी पर कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई है। यूजर्स लगातार इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, 'मैं लता मंगेशकर जी की बहुत बड़ी फैन हूं, लेकिन उनकी इस प्रतिक्रिया ने यह जाहिर कर दिया कि बड़े लोग छोटे लोगों से कैसा व्यवहार करते हैं।'

'लता जी थोड़ी और दयालु हो सकती थीं'
एक अन्य यूजर ने ट्वीट में लिखा, 'एक गरीब महिला अपना जीवन बिताने के लिए रेलवे प्लेटफॉर्म पर गाना गाती है। रानू मंडल की आवाज ने सबका ध्यान खींचा और वह सुपरस्टार बन गईं। लता जी थोड़ी और दयालु हो सकती थीं, उनकी सराहना उनकी मदद कर सकती थी। नकल पर उनका यह व्याख्यान टालने योग्य है।'
'इस कद और इस उम्र में लता जी से ऐसी उम्मीद नहीं थी'
एक और यूजर ने लता मंगेशकर के बयान पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया, 'उस गरीब महिला के लिए कोई सराहना नहीं है, जो दो वक्त की रोटी के लिए गाना गाया करती थी। इस कद और इस उम्र में लता जी से ऐसी उम्मीद नहीं थी।' बता दें कि इंटरनेट सेन्सेशन बन चुकीं रानू मंडल ने हाल ही में म्यूजिक कंपोजर और सिंगर हिमेश रेशमिया की फिल्म 'हैपी हार्डी एंड हीर' के लिए 'तेरी मेरी कहानी' गाना गाया। ये गाना रिलीज हो गया है, जिसमें हिमेश और रानू मंडल की आवाजें हैं।












Click it and Unblock the Notifications