नवीन पटनायक की शासन शैली से ओडिशा में कैसे आया बदलाव, जो बना दूसरे राज्यों के लिए नजीर
नई दिल्ली- नवीन पटनायक का लगातार पांच साल का कार्यकाल, फिर भी निर्विवाद रूप से स्थिर और पारदर्शी शासन। स्पष्ट रूप से जाहिर हो जाता है कि अच्छी राजनीति से अर्थव्यवस्था भी चमक सकती है और राज्य इतनी तरक्की भी कर सकता है कि जमीन पर बदलाव की झलक साफ नजर आए। बिना किसी बाधा के 19 साल से ज्यादा वक्त तक लगातार विकास और बदलाव के रास्ते पर शासन चलाने का इस दौर में उनसे बेहतर उदाहरण देश में नहीं है। यही वजह है कि आज ओडिशा अपने संसाधनों और भौगोलिक लाभों को पारदर्शी और बढ़ी हुई दक्षता के साथ धरातल पर उतारने में कामयाब हो रहा है।

पिछले दो दशकों में प्रदेश ने शासन-व्यवस्था के हर क्षेत्र में एक उच्च मानक स्थापित किया है और लगातार बेहतरी की राह पर आगे बढ़ा है। कौशल विकास के इरादे से बीजू पटनायक टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी की स्थापना जैसे शुरुआती कदम आज भरपूर लाभदायक साबित हो रहा है; और राज्य अब एक रीजनल एजुकेशनल हब बनकर उभरा है। इससे ज्ञान अर्जन के क्षेत्र में इसे एक प्रतिष्ठा तो मिली ही है, टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री और दूसरे संबंधित क्षेत्रों में भी इसका व्यापक विस्तार देखा जा सकता है। ओडिशा में आज नीति-निर्धारण से लेकर निवेश तक की पूरी व्यवस्था डिजिटल है। सूचना-प्रौद्योगिकी के सटीक इस्तेमाल से सरकार की दक्षता तो बढ़ी ही है, हर सरकारी काम पारदर्शी तरीके से होने से जनता का भरोसा भी दिनों-दिन बढ़ा है।

नवीन सरकार ने शुरू में स्थानीय तौर पर उपलब्ध लौह अयस्क और बॉक्साइट संसाधनों का लाभ उठाने पर फोकस किया, जिसका असर ये हुआ कि फंड जुटाने में दिक्कत नहीं हुई और अगले चरण में पेट्रोकेमिकल्स, फार्मास्यूटिकल्स और खाद्य प्रसंस्करण जैसे समूहों का निर्माण हो सका। सोशल सेक्टर में गर्भवती महिलाओं के लिए ममता योजना, आगे चलकर जिस पर राष्ट्रीय योजनाएं भी निर्मित हुईं और स्वास्थ्य एवं आय-सहायता योजनाएं दूसरों के लिए भी पथ-प्रदर्शक साबित हुईं। मतलब, नवीन पटनायक ने जन-हितैषी राजनीति पर कदम बढ़ाकर ओडिशा में जो सफलता के झंडे गाड़े हैं, वह उनके समकक्ष बाकी मुख्यमंत्रियों के लिए भी नजीर बन चुके हैं।
तथ्य ये है कि आज निवेश कार्यान्वयन दर में यह देश का पहला राज्य है और निवेश के लिए पसंदीदा राज्यों में लगातार प्रथम तीन स्थान पर बना हुआ है। आज ओडिशा महिलाओं और युवाओं की सहभागिता और सशक्तिकरण की बदलौत लगातार तेज गति से बदल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications