भारत के साथ मिलकर आईएसआईएस से निबटेगा ऑस्ट्रेलिया
नई दिल्ली। आईएसआईएस अब ऑस्ट्रेलिया पर भी अपनी नजरें जमाने की कोशिश में हैं। आईएसआईएस के खिलाफ चलाए जा रहे अमेरिका के अभियान में ऑस्ट्रेलिया से शामिल होने का अनुरोध किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई युवा तेजी से आईएसआईएस की विचारधारा के प्रति आकर्षित हो रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब लगने लगा है कि अब उसे एक ऐसे रणनीतिक साथी की जरूरत है तो इस संगठन के खिलाफ लड़ाई में उसका साथ दे। ऐसे में उसने भारत को ऐसे साथ के तौर पर चुना है।

ऑस्ट्रेलियाई डिफेंस मिनिस्टर और डोवाल की मुलाकात
ऑस्ट्रेलिया की ओर से दावा किया गया है अब तक उसके 120 नागरिक आईएसआईएस में शामिल हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस मिनिस्टर केविन एंड्रयूज ने भारत के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (एनएसए) अजित डोवाल से मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान कई अहम मुद्दों के साथ ही आईएसआईएस पर भी चर्चा हुई।
एंड्रयूज दो दिनों की यात्रा पर भारत आए थे। उन्होंने इस दौरान डोवाल के साथ युवाओं के दिल में आईएसआईएस के लिए बढ़ती दिलचस्पी के अलावा संगठन के सोशल मीडिया के बढ़ते प्रयोग पर भी चर्चा की।
ऑनलाइन गतिविधियों पर रहेगी नजर
पिछले करीब एक वर्ष से आईएसआईएस की ऑन लाइन गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। कई देश इस बात को मान चुके हैं कि ऑनलाइन जेहाद के लिए आईएसआईएस की अपील काफी खतरनाक है।
इससे अकेले नहीं निपटा जा सकता है। ऐसे में दुनिया को साथ आना पड़ेगा। भारत ने जहां हाल ही में यूएई के साथ इस सिलसिले में एक करार किया है जो वहीं अब ऑस्ट्रेलिया ने भी भारत के साथ एक वादा किया है।
ऑस्ट्रेलिया करेगा अलर्ट
ऑस्ट्रेलिया भारत के साथ इंटेलीजेंस को साझा करेगा। इंटेलीजेंस ब्यूरो की एक टीम सिर्फ आईएसआईएस की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखती है।
ऑस्ट्रेलिया को जैसे ही इस संगठन की भारत से जुड़ी ऑनलाइन गतिविधियों के बारे में कोई रीयल टाइम इंफॉर्मेशन मिलेगी, वह भारत के साथ साझा होंगी। ताकि एजेंसियों को अलर्ट किया जा सके। आईएसआईएस के खिलाफ जानकारियां साझा करने में हुई देर इस संगठन को और खतरनाक बना रही है।
ऑस्ट्रेलिया कैंसिल करेगा नागरिकता
एंड्रयूज की ओर से डोवाल को जानकारी दी गई है कि ऑस्ट्रेलिया ने दोहरी नागरिकता को कैंसिल कर ऐसी नागरिकता वाले व्यक्तियों के पासपोर्ट कैंसिल करने का फैसला किया है। वहीं भारत ने भी एंड्रयूज को बताया है कि ज्यादातर लोग मीडिल ईस्ट का रुख कर रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों से इसमें और तेजी आई है। भारत ने तय किया है कि इन यात्रियों के यात्रा करने के पैटर्न पर नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियां होने पर इन व्यक्तियों को वॉच लिस्ट में रखा जाएगा।
काउंटर टेररिज्म पर मीटिंग
ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों मिलकर काउंटर टेररिज्म पर काम करेंगे। हाल ही में काउंटर-टेररिज्म ग्रुप की एक मीटिंग हुई है और मीटिंग में आतंकवाद से निबटने के तरीकों पर चर्चा की गई। साथ ही उन युवाओं पर भी बात हुई जो आईएसआईएस और दूसरे आतंकी संगठनों के प्रति आकर्षित हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications