Viral Video: कैसे दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के पास ओवर ब्रिज के नीचे अटका Air India का विमान, देखिए
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर: दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट के पास एयर इंडिया के एक विमान का वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार सुबह से खूब वायरल है। पहली नजर में दिख रहा है कि विमान एक फुट ओवर ब्रिज के नीचे फंस गया है और न वह आगे निकल पा रहा है और न ही पीछे खिसकर पा रहा है। वीडियो एक पत्रकार ने शेयर किया है और उसपर लोगों से इसके बारे में और ज्यादा जानकारी शेयर करने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर बहस चल रही है, इस बीच पड़ताल में जो बात सामने आई है, उसमें कहानी अलग ही मालूम पड़ रही है और यह साफ हो गया है कि यह किसी तरह की कोई दुर्घटना नहीं है।

फुट ओवर ब्रिज के नीचे अटका विमान!
सोशल मीडिया यूजर्स रविवार सुबह से एक वायरल वीडियो को लेकर हैरान-परेशान रहे। वीडियो में दिख रहा है कि एयर इंडिया का एक विमान एक फुट ओवर ब्रिज के नीचे अटक गया है। करीब 16 सेकंड का यह वीडियो व्यस्त दिल्ली-गुरुग्राम हाइवे पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के नजदीक का है। पहली बार नेशनल कैरियर के इस विमान को यूं ओवर ब्रिज के नीचे अटका हुआ देखकर लोगों को कुछ समझ ही नहीं आ रहा था। खास बात ये कि विमान के बेहद करीब से ट्रैफिक भी सामान्य रूप से गुजरती नजर आ रही थी।

विमान का आधा हिस्सा निकलने के बाद अटका
इस वीडियो को न्यूज एजेंसी एएनआई के एक वरिष्ठ पत्रकार ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर कर दिया तो यह और वायरल होने लगा। वीडियो में दिख रहा है कि हवाई जहाज की वजह से हाइवे का एक हिस्सा ब्लॉक हो चुका है। हवाई जहाज का अगला हिस्सा पुल को पार कर चुका है, लेकिन बीच वाले हिस्से में ज्यादा ऊंचाई की वजह से यह पुल में फंसा हुआ है। इसके चलते विमान का पिछला आधा हिस्सा पुल को नहीं पार कर पा रहा है।

एयर इंडिया बेच चुका है यह विमान
बाद में एयर इंडिया ने साफ किया कि यह कोई दुर्घटना नहीं है। इस विमान को एयर इंडिया पहले ही बेच चुका है और विमान का नया मालिक इसे ले जा रहा था, तभी यह बीच सड़क पर इस तरह से अटक गया। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया से एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा है कि 'यह एक पुराना, कबाड़ विमान है, जिसे हमने पहले ही बेच दिया था। कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं है, क्योंकि इसमें वह व्यक्ति शामिल है जिसको यह हवाई जहाज बेचा गया है।'

कबाड़ विमान को बिना पंख के ले जाया जा रहा था
अधिकारी ने बताया कि 'विमान निश्चित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे से संबंधित नहीं है..........इसे बिना किसी पंख के ही ले जाया जा रहा है। यह कबाड़ विमान लग रहा है और इसे ले जाते समय ड्राइवर को समझने में चूक हुई होगी।' गौरतलब है कि करीब दो साल पहले इसी तरह की एक घटना पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में भी हुई थी। तब इंडिया पोस्ट का एक परित्यक्त विमान ट्रक पर ले जाए जाते वक्त एक पुल के नीच फंस गया था।
पत्रकार ने ट्विटर पर शेयर किया है वीडियो
बहरहाल, एएनआई के पत्रकार अशोक राज ने रविवार सुबह में इस वीडियो को ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'देखिए एयर इंडिया का एक विमान (सेवा में नहीं) फुट ओवर ब्रिज के नीचे अटक गया। क्या कोई तारीख और जगह की पुष्टि कर सकता है ? प्रतियोगिता शुरू होती है अब...'












Click it and Unblock the Notifications