पुलवामा हमला: अब हवाई मार्ग से कश्मीर जा सकेंगे अर्धसैनिक बल के जवान, गृह मंत्रालय की मंजूरी
नई दिल्ली। पुलवामा आतंकी हमले के एक हफ्ते बाद गृह मंत्रालय की ओर से एक बड़ा फैसला लिया गया है। गृह मंत्रालय ने उस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है जिसके तहत केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को दिल्ली से जम्मू कश्मीर तक हवाई यात्रा की सुविधा देने की मांग की गई थी। इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद जवान दिल्ली से श्रीनगर, श्रीनगर से दिल्ली, जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू तक सड़क के अलावा हवाई मार्ग से भी आ सकेंगे।

टिकट के पैसे मिलेंगे वापस
गृह मंत्रालय के इस फैसले से पैरामिलिट्री फोर्सेज के 7.8 लाख जवानों को फायदा होगा जो कॉन्स्टेबल, हेड कॉन्स्टेबल और असिस्टेंट सब-इनस्पेक्टर की पोस्ट पर तैनात हैं। इनके अलावा किसी और रैंक पर तैनात कर्मी को हवाई यात्रा का फायदा नहीं मिल सकेगा। ऐलान के मुताबिक ड्यूटी के अलावा छुट्टी के दौरान भी जवान हवाई यात्रा का लाभ उठा सकेंगे जैसे कि छुट्टी पर जम्मू कश्मीर से घर जाते हुए और छुट्टी से जम्मू कश्मीर वापस लौटने पर वह हवाई यात्रा कर सकेंगे। जवान अब कमर्शियल फ्लाइट्स की टिकट तो बुक कर रही सकेंगे साथ ही संगठन से उसका रिम्बर्समेंट भी ले सकेंगे।
तुरंत प्रभाव से लागू फैसला
गृह मंत्रालय ने अपने इस फैसले से बीएसएफ, सीआरपीउफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के मुखियाओं को अवगत करा दिया है। यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू भी हो गया है। गुरुवार को इससे जुड़ी एक चिट्ठी रिलीज की गई है। गृह मंत्रालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि इसका मकसद जवानों के लिए समय की बचत करना है। इसके अलावा पैरामिलिट्री फोर्सेज के लिए जारी एयर कुरियर सर्विस को भी बढ़ाया जा रहा है। गृह मंत्रालय ने इस बात की जानकारी भी दी है कि जरूरत पड़ने पर जवानों को इंडियन एयरफोर्स की मदद भी मुहैया कराई जाएगी।

क्यों खास है फैसला
यह फैसला इसलिए अहम है क्योंकि 14 फरवरी को जब आतंकियों ने सीआरपीएफ काफिले को निशाना बनाया था तो उस समय 75 बसों में 2500 जवान जम्मू-श्रीनगर हाइवे के जरिए, श्रीनगर स्थित कैंप तक का सफर तय कर रहे थे। जवान श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम स्थित कैंप की तरफ जा रहे थे। वे बस 30 किलोमीटर ही दूर थे कि जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमलावर आदिल अहमद डार ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications