यात्रीगण कृप्या ध्यान दें... बदल गया मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन का नाम अब हुआ 'बनारस'
नोएडा। रेलवे स्टेशनों के नाम बदले जाने के क्रम में एक नया नाम जुड़ गया है मंडुआडीह का। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अब बनारस जंक्शन रखा जायेगा। इससे संबंधित प्रस्ताव को गृह मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। गृह मंत्रालय ने सोमवार की देर शाम मंडुआडीह स्टेशन का नाम बदलने के प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी। बताया जा रहा है कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक बनारस का पुराना गौरव सहेजने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने मंडुआडीह रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बनारस करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। यूपी सरकार के इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए गृह मंत्रालय ने अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया है।
Recommended Video

पूर्व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने करवाया था इस स्टेशन का विस्तार
मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन वाराणसी शहर में ही स्थित है। इस स्टेशन से हर रोज दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के लिए ट्रेनों का संचालन होता है। पूर्व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के कार्यकाल में इस स्टेशन का नवीनीकरण और विस्तार कराया गया था, जिसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने इसका लोकार्पण किया था। मंडुवाडीह के अलावा वाराणसी में वाराणसी जंक्शन और काशी रेलवे स्टेशनों से भी ट्रेनों का संचालन होता है।

ऐसे ही नहीं बदल जाता है नाम
मालूम हो कि गृह मंत्रालय नाम बदलने के प्रस्तावों पर संबंधित एजेंसियों के साथ विचार-विमर्श करके वर्तमान दिशा-निर्देशों के मुताबिक विचार करता है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय किसी भी स्थान के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव पर रेल मंत्रालय, भारतीय डाक और सर्वेक्षण विभाग से अनापत्ति हासिल करने के बाद अपनी मंजूरी प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि गांव या कस्बे या शहर के नाम में परिवर्तन के लिए कार्यकारी आदेश की आवश्यकता होती है। जबकि राज्य का नाम बदलने के लिए संसद में साधारण बहुमत से संविधान संशोधन आवश्यक होता है।

इससे पहले इन दो रेलवे स्टेशनों का बदला गया है नाम
बता दें कि मंडुआडीह से पहले भी उत्तर प्रदेश के मुगलसराय और इलाहाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशनों के नाम भी बदले गए थे। मुगलसराय जंक्शन का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और इलाहाबाद जंक्शन का नाम प्रयागराज जंक्शन कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications